रोहतक में DC के आदेश जारी होने के बाद दुकानदार भड़क गए। जिसके कारण दुकानदारों ने डी-पार्के के सामने जाम लगा दिया। DC ने सोमवार को दीपावली के त्योहार को देखते हुए दुकानों के बाहर सामान रखने, प्रदर्शित करने, रेहड़ी, फड़ी व स्टॉल लगाने पर प्रतिबंध लगाया था। जिसके कारण दुकानदारों में रोष है।
दुकानदारों ने कहा कि त्योहारी सीजन है। दीपावली से प्रत्येक दुकानदार को अच्छी बिक्री की उम्मीद होती है। इसलिए सभी दुकानदार अपनी सारी पूंजी लगाकर दीपावली पर दुकान लगा रहे हैं, लेकिन DC ने उनकी दुकानों को लगाने से ही पाबंदी कर दी। उन्होंने मांग की कि दीपावली तक उन्हें ढील दी जाए। ताकि वे आसानी से व्यापार कर पाएं।
दीपावली तक दुकानों के बाहर सामान व स्टॉल लगाने आदि की अनुमति की मांग को लेकर दुकानदारों ने जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकानदारों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदार एक नहीं माने और अपनी बात पर ही अड़े रहे।
DC ने 5 फीट तक मेज लगाने की दी थी अनुमति
दिल्ली रोड के प्रधान संदीप बुधवार ने कहा कि उनकी DC के साथ बैठक हुई थी। उस बैठक में 5 फीट तक मेज लगाने की अनुमति दी गई थी। सभी दुकानदारों ने 5 फीट के दायरे में रहकर ही अपना सामान रखा है। लेकिन सोमवार शाम को नोटिस दे दिया कि कोई भी मेज नहीं लगा पाएंगे और धारा 144 लागू कर दी। जिसके कारण दुकानदारों में रोष है।

