Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में 8 गोलियां मारकर की थी हत्या : पुलिस ने आरोपी को लिया 3 दिन के रिमांड पर;इंदौर से किया काबू

रोहतक के गांव भाली में हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले लॉरेंस और विक्की बॉक्सर गैंग के करीबी गैंगस्टर राहुल उर्फ बंजारा को गिरफ्तार किया गया है। राहुल ने गांव भाली में 8 फरवरी को दुकानदार बलराज उर्फ बल्लू की हत्या कर दी थी। उसे इंदौर से काबू किया गया है।

पुलिस ने आरोपी गैंगस्टर को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर 3 दिन के रिमांड पर लिया है। हालांकि पुलिस द्वारा 5 दिन का रिमांड मांगा गया था, लेकिन 3 दिन का ही मंजूर हो पाया। इसके लिए CIA ने दलील दी थी कि आरोपी राहुल से वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी और हथियार भी बरामद करना है।

गांव भाली में शराब ठेके के पास 56 वर्षीय बलराज उर्फ बल्लू का शव मिला था, जिसे 8 गोलियां मारी गई थीं। CIA-2 ने 2 माह बाद वारदात से पर्दा उठाया। खुलासा हुआ था कि मृतक के भतीजे समीर ने आपसी रंजिश के चलते अपने दोस्तों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।पुलिस ने समीर व उसके साथी गांव बालंद निवासी राहुल को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीसरा आरोपी राहुल राठौर फरार चल रहा था। 4 अप्रैल को इंदौर में मध्यप्रदेश पुलिस ने राहुल राठौर उर्फ बंजारा को काबू किया था। उसे अब रोहतक लाया गया है।

हत्याकांड में परिजनों को किसी पर शक नहीं था। जांच टीम ने गांव में लगे CCTV कैमरे खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसी बीच पुलिस को भनक लगी कि बलराज का सीढ़ियों को लेकर भतीजे समीर से झगड़ा हुआ था। वहीं समीर अपने चाचा के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हुआ। इससे पुलिस का शक बढ़ा। पुलिस ने तलाश की और सख्ती से पूछताछ में समीर ने वारदात से पर्दा उठा दिया था।पुलिस को जांच में खुलासा हुआ कि समीर को पता था कि उसका चाचा बलराज हर रोज ठेके पर शराब लेने जाता है। इसलिए कार में वह ठेके के नजदीक चाचा का इंतजार करने लगा। जैसे ही बलराज नजदीक आया उस पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। 8 गोलियां लगने से बलराज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात में विदेश रिवाल्वर का प्रयोग किया गया था।

Exit mobile version