शहर के दिल्ली बाईपास पर जेएलएन नहर में बुधवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला है।अधेड़ के सिर और चेहरे पर जख्म के कई निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि ईंट से पीट-पीटकर उसकी हत्या करने के बाद शव को नहर में फेंक दिया गया है। नहर किनारे मौके से ईंट भी बरामद की गई है।मृतक के दाएं हाथ पर जयवीर सिंह लिखा है,साथ ही हथेली के पिछले हिस्से पर ओम लिखा है। पुलिस शव की पहचान में जुटी हुई है।
बुधवार देर शाम किसी ने पुलिस को जेएलएन में आईजी निवास से कुछ दूर शव पड़ा होने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की उम्र 45 से 50 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। इसकी पहचान संबंधी कोई दस्तावेज या सामान बरामद नहीं हुआ है। पर्स, मोबाइल या अन्य चीजों की तलाश में पुलिस देर तक जुटी रही। एफएसएल टीम प्रभारी डॉ. सरोज दहिया ने भी मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी ने इसके चेहर पर ईंट से कई वार किए हैं। इन चोटों की वजह से इसकी मौत हुई। नहर में करीब तीन फीट पानी था। इसलिए शव बहकर दूर जाने की संभावना नहीं है। चेहरे पर अनेक बार वार किए गए हैं। इस कारण शव की पहचान करना मुश्किल हो गया है। पुलिस इसकी पहचान के लिए आसपास के थानों में संपर्क कर रही है। दिल्ली बाईपास इलाके में भी लोगों से पूछताछ कर मृतक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव को पीजीआई के शवगृह में रखवा दिया है
पुलिस के लिए अज्ञात व्यक्ति की हत्या से पर्दा उठाना कठिन पहेली बन गया है। इस गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस को कई सवालों का जवाब तलाशना होगा। मरने वाले की पहचान सबसे जरूरी है। इसके बाद ही पुलिस कड़ियों को जोड़ते हुए हत्या की गुत्थी सुलझाने में सफल होगी। इसलिए सबसे पहले मृतक की पहचान को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। हत्यारे का व्यक्ति के सिर व चेहरे पर ईंट से अनेक वार करना उसकी नफरत व गुस्से को साफ दर्शाता है।
एसआई कुलदीप सिंह ने कहा कि जेएलएन नहर की पटरी पर एक व्यक्ति का शव होने की सूचना मिली थी। मृतक की उम्र 45 से 50 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। मृतक की पहचान नहीं हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई में भिजवा दिया गया है।

