गुरुग्राम में एक स्क्रैप डीलर सुमित चौहान के मर्डर का मामला सामने आया है। यह वारदात उस वक्त हुई, जब सुमित चौहान बुलेट बाइक पर ऑफिस से घर के लिए निकला था। बदमाशों ने उस पर 6 से ज्यादा गोलियां चलाईं, जिसमें से 5 गोलियां लगने से मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। बिलासपुर थाना पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। एक बदमाश को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम जिले के गांव भोड़ाकला निवासी सुमित चौहान (31) शहर के बड़े स्क्रैप डीलर थे। सुमित ने गांव में ही अपना ऑफिस बनाया हुआ था। गुरुवार की रात करीब 11 बजे वह अपने ऑफिस से बुलेट बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले थे। तभी उन पर 6 बदमाशों ने गोलियां बरसा दीं। बदमाशों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया, जिससे उन्हें बचने का मौका ही नहीं मिला।
सुमित को 5 गोलियां लगीं, जिनमें से 2 गोलियां उनके सिर में लगी। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद बदमाश मौके पर ही अपनी एक बाइक छोड़कर फरार हो गए। बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बिलासपुर थाना पुलिस ने परिवार की शिकायत पर प्रह्लाद, हरेन्द्र, अमित, मोहित, जोगिन्द्र, भूपेन्द्र के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज किया है। इनमें अमित को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है। यह सभी सुमित के गांव के आसपास के रहने वाले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्क्रैप कारोबार के चलते ही सुमित की आरोपियों से रंजिश चल रही थी।

