हरियाणा के रोहतक में स्कूल से लौट रहे 12वीं के एक छात्र को घर से एक किमी पहले ही चाकू से गोद दिया गया। गंभीर रूप से घायल छात्र सड़क पर पड़ा काफी देर तक तड़पता रहा। परिजन मौके पर आए तो उसे पीजीआईएमएस ले गए। वहां इलाज के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया। घटनास्थल पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। जांच की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार रोहतक के सुनारिया गांव का रहने वाला 12वीं का छात्र मोहित उर्फ साहिल (17) मंगलवार सुबह घर से स्कूल के लिए गया था। 3:00 बजे के बाद घर लौट रहा था। गांव से एक किमी पहले ही 3-4 युवक उसे चाकू से गोदकर भाग गए। घायल अवस्था में चीखते मोहित की आवाजें सुनकर आसपास लोग जमा हो गए। उनमें से किसी ने उसको पहचान लिया और परिजनों को सूचना दी। मौके पर आए परिजन मोहित को पीजीआई अस्पताल ले गए, पेट में चाकू के गहरे घाव के कारण उसकी मौत हो गई।

गांव में चाय की दुकान चलाने वाले मृतक छात्र के पिता अनूप का कहना है कि मोहित स्कूल से दोपहर तीन बजे तक लौट आता था। मंगलवार को जब वह चार बजे तक भी नहीं लौटा तो शक हुआ। इस बीच एक ग्रामीण ने आकर वारदात की सूचना दी। वारदात के बाद से गांव में भय का माहौल है। मामले में शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज कराए जाएंगे। वारदात को अंजाम देने वाले युवकों का सुराग लगाया जा रहा है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!