रोहतक में आज मंगलवार को 2 महीने के बच्चे की हत्या का मामला सामने आया है। घर में घुसी नकाबपोश महिला ने बच्चे की मां को धक्का देकर गिराया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद महिला ने बच्चे को ड्रम में डुबोया और फरार हो गई।
परिजनों ने जादू टोने के चक्कर में बच्चे की हत्या का शक जताया है। कुछ दिन पहले बच्चे के सिर के बाल कटे मिले थे। फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी महिला की अभी पहचान नहीं हो पाई है। मामला गांव अजायब का है
महिला के जेठ प्रदीप के मुताबिक उसका भाई मोहित इन्वर्टर बैटरी की दुकान पर काम करता है, जबकि मां आंगनबाड़ी वर्कर है। दोनों काम पर गए हुए थे। घर पर प्रियंका उर्फ खुशबू बच्चे जैविक के साथ घर पर मौजूद थी। इसी बीच दोपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात महिला घर में घुसी, जिसने अपना चेहरा चुन्नी से ढक रखा था।
प्रदीप के मुताबिक महिला ने प्रियंका से बच्चा छीनने की कोशिश की और प्रियंका को धक्का देकर नीचे गिरा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद महिला ने बच्चे को ड्रम में डुबोकर मार दिया और मौके फरार हो गई। दोपहर करीब 1 बजे पड़ोस में रहने वाली चाची संतोष मोहित के घर पहुंची तो उसे प्रियंका बेहोश पड़ी मिली। इस पर उसने फोन कर मोहित और उन्हें सूचना दी।
प्रदीप के मुताबिक प्रियंका बेहोश पड़ी थी, जबकि बच्चा मिल नहीं रहा था। आसपास तलाश की, लेकिन बच्चा नहीं मिला। आस-पड़ोस में भी खोजा। करीब एक घंटे बाद जब ड्रम में देखा तो उसमें बच्चा डूबा हुआ था। ड्रम में पानी आधे से भी कम था, जिसके कारण बच्चा दिखाई नहीं दिया था। इसके बाद उन्हें पीजीआई लेकर पहुंचे थे।
प्रदीप के मुताबिक करीब एक सप्ताह पहले बच्चे के सिर में से कुछ बाल भी काटे हुए थे। तीन से चार कैंची बालों में मारी हुई थीं। वहीं, चारपाई पर एक पर्ची भी मिली है, जिस पर वास्तु विशेष लिखा है और कुछ फोन नंबर हैं। उन्हें शक है कि किसी ने जादू टोने के चक्कर में बच्चे की हत्या की है।
मामले में जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सुरेश ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
