कलानौर की एक विवाहिता की जहरीला पदार्थ निगलने से मौत पर पति, सास, देवर व देवरानी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी को उसके पति, सास, देवर व देवरानी ने जहरीला पदार्थ देकर हत्या की है।
पुलिस के मुताबिक फरमाणा बादशाहपुर निवासी जगदीप ने दी शिकायत में बताया कि उसकी लड़की आरती की शादी 9 वर्ष पहले कलानौर निवासी परमवीर के साथ हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वालों ने उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया। उसके साथ मारपीट की जाती थी। 10-15 दिन पहले आरती मायके आई थी, उस समय भी उसके साथ मारपीट की गई थी। बाद में वह ससुराल चली गई।
सोमवार को आरती के पति परमजीत के दादा सुरजमल ने बताया कि आपकी लड़की गंभीर है, रोहतक आ जाओ। वह पीजीआई पहुंचा तो आरती बोलने की स्थिति में नहीं थी। आरती ने मुझे देखकर पति परमजीत की तरफ हाथ से इशारा किया। वह कुछ बोलना चाह रही थी, लेकिन बोल नहीं सकी। कुछ समय बाद आरती ने दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने उसे बताया कि आरती की मौत जहर से हुई है। उसकी बेटी को पति परमजीत, सास नीता, देवर जसबीर व देवरानी पूजा ने जहर दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
