रोहतक में सीआईए-2 प्रभारी एसआई सतीश कुमार ने बताया कि एएसआई कुलदीप के नेतृत्व मे सीआईए-2 स्टाफ की टीम सांपला बस अड्डा के पास गश्त में मौजूद थी। गश्त के दौरान सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आउटर बाइपास रोहतक दिल्ली रोड पुल के पास खडे़ दो युवकों को शक के आधार पर काबू किया। युवकों की पहचान कच्ची गढ़ी मोहल्ला निवासी नरेन्द्र उर्फ छोटू और गांव बलियाना हाल शास्त्री नगर निवासी सागर उर्फ भोलू के रूप में हुई है।

आरोपियों की तलाशी लेने पर नरेन्द्र के पास से एक देसी पिस्तौल, दो कारतूस और सागर के पास से एक देसी पिस्तौल व एक कारतूस बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ थाना सांपला में केस दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ सिटी थाना में हत्या और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज है।
हत्या के केस में पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर कच्ची गढ़ी मोहल्ला निवासी अनिल उर्फ अली और उसके परिवार के ऊपर जानलेवा हमला किया।
हमले के दौरान लगी चोटों के कारण अनिल के पिता बिजेंद्र की मौत हो गई थी। जिसमें आरोपी फरार चल रहा था। इसके अलावा आरोपी का पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है। आरोपी के खिलाफ रोहतक, दिल्ली, उतर प्रदेश मे हत्या, लूट, अवैध शराब, साजिश आदि के 9 मामले दर्ज है।
