रोहतक में सोमवार को नगर निगम की टीम पर हमला कर दिया। नगर निगम की टीम शहर के गोहाना अड्डा एरिया में अतिक्रमण हटाने के लिए गई थी। इस दौरान वहां रेहड़ी वालों के साथ उनकी तनातनी हो गई। जिसके बाद रेहड़ी वालों ने नगर निगम की टीम के साथ मारपीट की। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
अतिक्रमण हटाने के दौरान काफी समय तक हंगामा होता रहा। दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद भी निगम की कार्रवाई जारी है। बता दें कि नगर निगम की टीम पिछले कई दिनों से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाए हुए है। इसी के तहत सोमवार को भी शहर के गोहाना अड्डा एरिया में गई थी, जहां झगड़ा हो गया।
इस दौरान नगर निगम की टीम के साथ गया होमगार्ड भी झगड़े में घायल हो गया। जिसकी शिकायत पुलिस को दे दी। पुरानी सब्जी मंडी पुलिस थाना के SHO बिजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की शिकायत मिली है। संबंधित पुलिसकर्मियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।
