Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में नगर निगमकर्मी के साथ मारपीट; नवनिर्माण बिल्डिंग का काम रुकवाने गए थे बिल्डिंग इंस्पेक्टर और टीम– घायल इंस्पेक्टर अस्पताल में भर्ती

रोहतक में हिसार बाइपास पर बिना नक्शा पास करवाए बनाए जा रहे भवन का निर्माण रुकवाने गई नगर निगम की टीम पर 4-5 लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस वारदात में बिल्डिंग इंस्पेक्टर को चोटें आई हैं। वहीं अन्य कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। लोगों ने उनकी सरकारी गाड़ी को रोकने की भी कोशिश की।

पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें बिल्डिंग इंस्पेक्टर रवि समेत अन्य पर कुछ लोग कस्सी से हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि वार से पहले ही वह साइड हो गए। बाद में लोगों ने रवि के साथ मारपीट की। उन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बिल्डिंग इंस्पेक्टर रवि ने बताया कि हिसार बाइपास के औद्योगिक क्षेत्र के पास बिना नक्शा पास करवाए भवन निर्माण किया जा रहा है। जिसका कुछ दिन पहले नोटिस भी दिया गया था। मंगलवार को टीम निर्माण को रुकवाने गई थी। टीम ने काम को रुकवा भी दिया। इसी दौरान एक युवक वहां आया। फिर उसके साथी 3-4 युवक भी आ गए। जिन्होंने टीम पर हमला कर दिया।

नगर पालिका कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय बिड़लान ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारी 2 दिन पहले हिसार रोड पर गए थे। कर्मचारियों ने मालिक को नोटिस देना चाहा तो मकान मालिक ने बदतमीजी की। इसके बाद मंगलवार को कर्मचारी फिर से निर्माण बंद करवाने गए थे, जहां पर 4-5 व्यक्तियों ने कस्सी से हमला कर दिया। जिसमें बिल्डिंग इंस्पेक्टर बाल-बाल बच गए।

इस तरह की घटनाएं कर्मचारियों के साथ बढ़ रही हैं। जब मुकदमा दर्ज होता है तो निगम के अधिकारी राजनीतिक दबाव में आकर समझौता करवाने का प्रयास करते हैं। साथ ही मांग की कि जब नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए जाती है तो उसके साथ पुलिस की PCR जरूर जानी चाहिए।

Exit mobile version