Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मुकेश अंबानी को फिर धमकी: कॉल कर कहा- तीन घंटे में पूरे परिवार को खत्म कर देंगे

देश के जाने-माने उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के परिवार को फिर जान से मारने की धमकी मिली है। रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल की लैन्ड लाइन पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने आज सुबह 10:30 बजे के करीब कॉल किया। HN रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल के डिस्प्ले नंबर पर धमकी भरे आठ फोन कॉल किए गए। कॉलर ने उनके पूरे परिवार को तीन घंटे में खत्म करने की धमकी दी। मामले की शिकायत मुंबई पुलिस के डीबी मार्ग थाने में की गई है।

मुंबई पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। पुलिस इन कॉल्स को वेरिफाई कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि कॉलर एक ही है और उसने लगातार आठ कॉल की हैं। मुंबई पुलिस कमिश्नर को इस मामले की जानकारी दी गई है। केस की जांच के लिए मुंबई पुलिस की तीन टीमें बना दी गई हैं। वहीं, अंबानी परिवार और एंटीलिया की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

फरवरी 2021 में एंटीलिया के बाहर से विस्फोटक से लदी एक SUV बरामद की गई थी, जिसमें 20 जिलेटिन की छड़ें और एक चिट्‌ठी मिली थी। चिट्ठी में मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी को धमकी दी गई थी। इस केस में मुंबई पुलिस के एनकाउंटर स्पेशलिस्ट सचिन वझे का नाम आया था। अभी NIA इस केस की जांच कर रही है।

मुकेश अंबानी को साल 2013 में हिजबुल मुजाहिद्दीन से धमकी मिलने के बाद तत्कालीन मनमोहन सिंह की सरकार ने Z+ सिक्योरिटी मुहैया कराई थी। उनकी पत्नी नीता अंबानी को 2016 में केंद्र सरकार ने Y+ सिक्योरिटी प्रदान की थी। उनके बच्चों को भी महाराष्ट्र सरकार की ओर से ग्रेडेड सुरक्षा दी जाती है।

Exit mobile version