पलवल में छात्रों से भरी निजी स्कूल की बस में अचानक चलते समय आग लग गई। आसपास के लोगों ने अंदर बैठे तुरंत सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में बस आग का गोला बन गई। बाद में सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। बस में रखे सभी बच्चों के स्कूल बैग जलकर राख हो गए।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पुराने GT रोड पर शहर थाना के पास चलती बस में आग लग गई। लोग तुरंत बस की तरफ दौड़े और अंदर बैठे बच्चों को बाहर निकाल लिया। कुछ देर में आग बढ़ती ही चली गई और पास की दुकानों के साइन बोर्ड को भी अपनी चपेट में ले लिया।
तुरंत घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। स्कूल बस में लगी आग से बच्चों को तो कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन उनके बैग जलकर राख हो गए।
बताया गया है कि जिस स्कूल में बच्चे पढ़ते हैं, उसकी अपनी कोई स्कूल बस नहीं है। बच्चों को लाने ले जाने के लिए उनके पेरेंट्स ने ही उस बस को हायर किया हुआ था। आग किन कारणों से लगी अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉट सर्किट की वजह से ही बस में लाग लगी है।
