Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

चरखी दादरी में माइनिंग से पहाड़ खिसका:पत्थर-मिट्‌टी गिरने से गाड़ी दबी, पुलिस के सामने ग्रामीण-कंपनी कर्मचारी भिड़े; माहौल तनावपूर्ण

हरियाणा के चरखी दादरी में माइनिंग एरिया में 15 दिन में दूसरी बार पहाड़ खिसक गया। बड़े-बड़े पत्थर और मिट्टी के नीचे माइनिंग कंपनी की एक गाड़ी दब गई है। इसका पता चलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण यहां माइनिंग का विरोध कर रहे हैं। वह इस अवैध माइनिंग बता रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक माइनिंग कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें रोका और मारपीट की। इसके बाद ग्रामीणों ने कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन किया। यहां माहौल तनावपूर्ण है। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी ग्रामीणों और माइनिंग कंपनी के कर्मचारियों में हाथापाई हुई।


मौके पर फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस तैनात की है। मिट्टी खिसकने का वीडियो भी अब वायरल हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 13 हेक्टेयर जमीन लीज पर है, लेकिन 25 हेक्टेयर में माइनिंग की जा रही है। माइनिंग साइट से करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर गांव हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यहां माइनिंग करने के लिए ब्लास्टिंग की जाती है। जिसके कारण पास के घरों में दरारें आ गई हैं। इसके अलावा प्रदूषण की समस्या भी बनी हुई है और बोरवेल भी फेल हो गए हैं।

माइनिंग कंपनी के पार्टनर सुधीर तंवर ने कहा कि पहाड़ में रास्ता बनाया गया था, जिसकी मिट्टी खिसक गई है। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर से मशीनों से मिट्टी निकाले जाने के कारण यह नीचे खिसक गई। उनकी एक गाड़ी खड़ी थी, जो मिट्टी के नीचे दब गई। उसे बाहर निकाला जा रहा है। तंवर ने कहा कि पहाड़ खिसकने जैसी कोई बात नहीं है। कुछ विरोधी लोग बेवजह अफवाह फैला रहे हैं। इन लोगों ने 2 हफ्ते पहले भी इसी प्रकार की अफवाह फैलाई थी और बाद में कुछ नहीं मिला था।

Exit mobile version