रोहतक में अलसुबह सैर कर रहे हलवाई से मारपीट व लूट का मामला सामने आया है। मोटरसाइकिल पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने भरोसे का फायदा उठाया। झांसा देकर आरोपी फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहतक के सैनीपुरा हाल गांव हसनगढ़ निवासी वीरेंद्र ने सांपला थाने में पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हलवाई का काम करता है। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे वह सैर करने निकला था। जब वह हसनगढ़ आईटीआई के पास पहुंचा तो हसनगढ़ बाजार की तरफ से (पीछे से) मोटरसाइकिल पर तीन युवक आए।
मोटरसाइकिल सवार युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। उन्होंने पीड़ित से गांव गिझी का रास्ता पूछा। हलवाई ने उन्हें गांव गिझी का रास्ता बता दिया। तभी मोटरसाइकिल सवार लड़कों में से एक ने बाइक से उतर कर वीरेंद्र का गला पकड़ लिया और उससे पूछा कि क्या वह हमें जानता है। वीरेंद्र के ना कहते ही आरोपियों ने उसे थप्पड़ मारे। मारपीट कर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। साथ ही आरोपियों ने जाते समय उसे धमकी दी कि अगर शोर मचाया तो जान से मार देंगे। फिर वे वापस हसनगढ़ की तरफ भाग गए। फोन में आधार कार्ड और ई-श्रम कार्ड भी था। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
