Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में मां का हत्यारा बेटा गिरफ्तार:गला काटने के बाद चल रहा था फरार; नशे के लिए वारदात को दिया अंजाम

हरियाणा के रोहतक में मां का गला काटकर मर्डर करने के आरोपी छोटे बेटे अश्वनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी सतपाल ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ के अनुसार नशे की लत के लिए ही अश्वनी ने अपनी मां का मर्डर किया है। आरोपी को अदालत में पेश करके रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

इससे पहले मृतका सुनीता के शव का तीन चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा पोस्टमॉर्टम कराया गया। ताकि हत्या के बारे में और अधिक जानकारी मिल सके।

रिटायर्ड पुलिस कर्मचारी की पत्नी सुनीता का शव मंगलवार को घर में बैड पर खून से लथपथ पड़ा मिला था। बड़े भाई ने पुलिस को शिकायत देते हुए कहा कि छोटे भाई ने गला काटकर मां को मार डाला। पुलिस जांच के अनुसार आरोपी बेटा नशे के लिए पैसे मांगता था तो उसका मां के साथ झगड़ा होता था। उसका बेटा अश्वनी सोमवार को नशे के लिए पैसे मांग रहा था।

जब मां ने मना कर दिया तो बेटे ने तेजधार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी बेटा रातभर अपनी मां के शव के पास ही बैठा रहा। वहीं, सुबह होते ही वह घर से चला गया।

रोहतक के उत्तम विहार निवासी अनिरुद्ध ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दो भाई हैं। जिनमें से वह बड़ा है और छोटा भाई अश्वनी है। उसके पिता रणबीर हरियाणा पुलिस में SI पद से सेवानिवृत्त हैं। वह अपने पिता के साथ सरकारी क्वार्टर में रहता है। वहीं, उसकी मां सुनीता व छोटा भाई अश्वनी उत्तम विहार में रहते थे।

अनिरुद्ध ने बताया कि उन्हें जब भी समय लगता, वह अपने पिता के साथ अपनी मां व भाई से मिलने आते रहते थे। मंगलवार को उसने अपनी मां सुनीता को फोन किया, तो उन्होंने कॉल नहीं उठाया। लगातार काफी कॉल किए, संपर्क नहीं हुआ तो पड़ोसी चेतन को फोन किया और उसे घर जाकर देखने के लिए कहा

उन्होंने बताया कि जब पड़ोसी ने घर पर जाकर देखा और कहा कि उसकी मां सुनीता बैड पर लेटी हुई है। काफी आवाज देने पर भी नहीं उठी। इसके अलावा फर्श पर खून के धब्बे भी पड़े हुए थे। वहीं, अंदर जाकर कंबल हटाकर देखा तो गर्दन पर गहरी चोट का निशान था। इसी दौरान अनिरुद्ध भी अपने पिता के साथ घर पर पहुंच गया।

उसने कहा कि उसकी मां सुनीता की हत्या उसके भाई अश्वनी ने तेजधार हथियार से गला काटकर की है। जिसके खिलाफ शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अश्वनी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू की।

Exit mobile version