Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पति से बदला लेने के लिए मां बन गई हैवान…2 साल के बेटे को हौदी में डुबोकर मार डालहादसा दिखाने के लिए जाने कैसे रची पूरी साजिश

सोनीपत के मुंडलाना गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने पति से बदला लेने के लिए अपने ही दो साल के बेटे चिरांश की पानी की हौदी में डुबोकर हत्या कर दी। 29 जुलाई को हुई इस घटना को पहले हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच में आरोपी मां की साजिश का पर्दाफाश हो गया।

पुलिस के अनुसार, पानीपत के उग्रा खेड़ी गांव की रहने वाली प्रिया की शादी करीब पांच साल पहले मुंडलाना निवासी हरिओम से हुई थी। हरिओम रोहतक की एक कंपनी में डिलीवरी का काम करता है और नौकरी के कारण सप्ताह में एक-दो बार ही घर आ पाता था। प्रिया को शक था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से संबंध है, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

घटना वाले दिन सास-ससुर के खेतों की ओर जाने के बाद प्रिया अपने दो वर्षीय बेटे चिरांश को प्ले स्कूल से घर ले आई। उसने पहले बच्चे को दूध पिलाया और फिर आंगन में बनी हौदी में उसकी गर्दन दबाकर तब तक पानी में रखा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। पुलिस का दावा है कि बच्चे के मुंह में दूध की बोतल लगी रहने दी गई ताकि वह शोर न मचा सके।

हत्या के बाद प्रिया ने पूरे मामले को हादसा दिखाने की कोशिश की। उसने हौदी के पास एक छोटी कुर्सी रखी और दूध की बोतल पानी में छोड़ दी, ताकि लगे कि बच्चा खेलते-खेलते हौदी में गिर गया। इसके बाद वह घर से निकल गई और पड़ोसन से कह गई कि उसका बेटा घर में सो रहा है, थोड़ी देर नजर रख लेना।

पुलिस को घर से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें बेटे की डूबने से मौत का जिक्र करते हुए खुद जान देने की बात लिखी गई थी। हालांकि, प्रिया किसी जोहड़ में जाने के बजाय सीधे अपने मायके पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि यह नोट जांच को भटकाने के लिए लिखा गया था।

जांच के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए, जिनसे हादसे की कहानी पर संदेह हुआ। हौदी में केवल करीब डेढ़ फीट पानी था, जबकि उसकी गहराई साढ़े तीन फीट थी। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में प्रिया घर से निकलते समय बार-बार पीछे मुड़कर देखती दिखाई दी। पूछताछ में उसने बेटे की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पति-पत्नी के झगड़ों के दौरान हरिओम कथित तौर पर कहता था कि उसके पास वंश चलाने के लिए बेटा और बेटी हैं, इसलिए अब उसे पत्नी की जरूरत नहीं है। पुलिस के मुताबिक, इसी बात से आहत होकर प्रिया ने पति को सबक सिखाने के लिए बेटे की हत्या की साजिश रची।

चिरांश की हत्या के बाद करीब डेढ़ साल पहले सात दिन के एक नवजात की हुई मौत की भी जांच शुरू कर दी गई है। उस समय इसे दूध पिलाते समय हुई सामान्य मौत बताया गया था, लेकिन अब पुलिस उस मामले की भी पड़ताल कर रही है।

पिता हरिओम की शिकायत पर सदर गोहाना थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। आरोपी प्रिया को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version