Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

तीन बच्चों के साथ पानी के टैंक में कूदी मां, सभी बच्चों की मौत, महिला की हालत नाजुक

हरियाणा के नूंह जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक मां अपने 3 बच्चों को लेकर घर में बने पानी के टैंक में कूद गई। अंदर गिरते ही मां तड़पने लगी तो उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। लेकिन तब तक तीनों मासूम बच्चों की मौत हो चुकी थी। मां को बचा लिया गया लेकिन अभी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव खेड़ला निवासी महिला सकूनत अपने 3 बच्चे शबाना (10), साद (8) और 4 माह के इकरार को साथ लेकर घर में बने पानी के टैंक में कूद गई। हालांकि टैंक में कूदने का कारण सामने नहीं आया, लेकिन टैंक में डूबते वक्त सकूनत ने चिल्लाना शुरू कर दिया। आवास सुनकर पड़ोसी जब घर में पहुंचे, तब तक 3 बच्चों की मौत हो चुकी थी। महिला को बाहर निकालकर नल्हड़ के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर भरत सिंह ने शुरुआती जांच में बताया कि महिला सकूनत दोपहर 12 अपने घर पर बच्चों के साथ अकेली थी। उसका एक 12 वर्षीय लड़का शोएब स्कूल में पढ़ने के लिए गया था और उसके 3 बच्चे घर पर ही थे।

इस दौरान किसी कारण सकूनत अपने बच्चों को लेकर घर में बने पानी के टैंक में कूद गई। जब वह पानी में खुद ही तड़पने लगी तो जोर-जोर से चिल्लाने लगी। इस दौरान पड़ोसियों ने आकर उसे पानी के टैंक से निकाला, लेकिन तब तक उनके 3 बच्चों की जान जा चुकी थी।

वहीं मृत बच्चों के पिता ने देर शाम पुलिस को शिकायत देकर कहा कि वह दिल्ली में मजदूरी के लिए गया था। 2 बच्चे शबाना (10) और मोहम्मद साद (8) मंदबुद्धि थे। दोनों बच्चे टैंक के समीप खेलते समय गिर गए। इसके बाद बच्चों की मां सकुनत ने अपना संतुलन खो दिया और गोद में लिए 4 माह के बच्चे इकरार को साथ लेकर दोनों बच्चों को बचाने के लिए टैंक में कूद गई।

जांच अधिकारी भरत सिंह ने बताया कि मंगलवार देर शाम तीनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि महिला ने बच्चों के साथ खुदकुशी की कोशिश की या फिर किसी कारणवश हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Exit mobile version