Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पंचकूला में दिवाली पर पटाखों से 40 से ज्यादा लोग झुलसे: बच्चों से लेकर 52 साल के बुजुर्ग तक घायल, आंखों-चेहरे और हाथों पर चोटें

पंचकूला: दीपावली की रात पंचकूला और आसपास के इलाकों में पटाखे जलाने के दौरान 40 से अधिक लोग झुलस गए। घायलों में छोटे बच्चों से लेकर महिलाएं और बुजुर्ग तक शामिल हैं। पटाखे फटने से कई लोगों की आंखों, चेहरे, हाथ और पैरों पर चोटें आईं। सभी घायलों को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित जिला नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में उपचार के लिए पहुंचाया गया।

अस्पताल में देर रात तक डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की टीमें घायलों के इलाज में जुटी रहीं। इमरजेंसी में अचानक बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से भीड़ बढ़ गई, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने विशेष टीमें तैनात कर उपचार की व्यवस्था संभाली।

7 से 52 साल तक के लोग हुए घायल

पटाखों की चपेट में आने वालों में सात साल के बच्चे से लेकर 52 साल के बुजुर्ग तक शामिल हैं। अस्पताल में दर्ज मामलों के अनुसार, कई बच्चों की आंखों और हाथ-पैरों में चोटें आईं, जबकि कुछ युवाओं और बुजुर्गों को भी आंखों तथा चेहरे पर चोट लगने के बाद इमरजेंसी में भर्ती कराया गया।

घायलों में रामगढ़, सेक्टर-12A, सेक्टर-20, सेक्टर-28, मौली जांगड़ा, ओल्ड पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों के लोग शामिल बताए गए हैं। चंडीगढ़ से भी कुछ घायल अस्पताल पहुंचे।

बच्चों की आंखों और चेहरे पर भी लगी चोट

अस्पताल पहुंचे घायलों में सात वर्षीय अनिकेत की आंख में पटाखा लगने से चोट आई। सात वर्षीय युवान ठाकुर के हाथ और पैर झुलस गए। आठ वर्षीय आयांश के चेहरे पर जलने के निशान आए, जबकि 13 वर्षीय कार्तिक की आंख में पटाखा लगने से वह घायल हो गया। 15 वर्षीय संस्कार का चेहरा झुलसने की जानकारी भी सामने आई है।

वहीं 18 वर्षीय हर्षिता के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। 20 वर्षीय नजराना के हाथ में पटाखा फट गया, जबकि 22 वर्षीय जनक लली की आंख पर चोट पहुंची।

बुजुर्गों और युवाओं को भी आई चोटें

पटाखों से घायल होने वालों में 39 वर्षीय मनिंदर यादव की आंख में चोट आई। 42 वर्षीय बलकार सिंह की दोनों आंखों और हाथ पर चोटें लगीं। 47 वर्षीय विवेक कुमार सिंह का हाथ झुलस गया, जबकि 52 वर्षीय राजीव कुमार की आंख में आतिशबाजी का अंश लगने से चोट आई।

इसके अलावा कई अन्य लोग भी हाथ और शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोट लगने के कारण अस्पताल पहुंचे।

डॉक्टरों की टीम ने संभाला मोर्चा

अस्पताल की इमरजेंसी में बड़ी संख्या में बर्न और आंखों से संबंधित चोटों के मरीज पहुंचने के बाद डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष टीमें तैनात रहीं। घायलों को प्राथमिक उपचार, ड्रेसिंग और आंखों की जांच जैसी सुविधाएं दी गईं।

रिपोर्ट के अनुसार, अधिकांश मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ को निगरानी में रखा गया। दीपावली की खुशियों के बीच पटाखों से हुए इन हादसों ने सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया।

Exit mobile version