नवरात्र शुरू होते ही एकबार फिर कुट्टू का आटा खाने से पिछले दो दिनों में प्रदेश भर में सौ से अधिक लोग बीमार होकर अस्पताल पहुंच गए। दूसरी ओर लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने के बाद विभाग की ओर से सैंपल एकत्र कर खानापूर्ति की जा रही है। करनाल जिले के घरौंडा शहर में नवरात्र का व्रत रखकर कुट्टू के आटे का सेवन करने वाले 30 से अधिक लोग बीमार हो गए हैं, जिनका सामान्य अस्पताल में उपचार चल रहा है। सभी को उल्टी, दस्त, शरीर में कंपन की शिकायत है। एक परिवार के तो सभी सदस्य बीमार हो गए।
दूसरी ओर यमुनानगर में शनिवार को कुट्टू के आटे से 32 लोगों की तबियत खराब हो गई थी, जिन्हें उपचार के बाद घर भेजा गया। वहीं सोमवार को भी शहर के आनंद मार्केट में एक परिवार सहित कुछ अन्य लोगों की कुट्टू के आटे से बने पकवान खाने से तबियत खराब हो गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके अलावा अंबाला में बीते दो दिनों में कुट्टू के आटे से 40 से अधिक लोग बीमार हो गए। उल्टी-दस्त और चक्कर की शिकायत के बाद उन्हें सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। विदित हो कि हर साल कुट्टू के आटे से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, लेकिन विभाग की ओर से महज सैंपलिंग कर खानापूर्ति कर दी जाती है। ठोस कार्रवाई और रोकथाम के प्रयास नहीं किए जाते।
घरौंडा निवासी अभि ने बताया कि रात को कुट्टू के आटे से बनी रोटी खाई थी। सुबह उठे तो पूरा शरीर दर्द कर रहा था। मेरे पत्नी की तबियत भी ठीक नहीं है। सतपाल राणा ने बताया कि नवरात्र के दूसरे दिन करीब 30 मरीज कुटटू का आटा खाने से शरीर में कंपन हो रहा है। ऐसा लग रहा है, जैसे उन्होंने नशा किया हुआ है। किसी ने आटा मिक्स करके बेचा है। खाद्य आपूर्ति विभाग सैंपल ले। पहले ही दिन छापामारी होनी चाहिए थी।
मार्केट में कुटटू के आटे के साथ-साथ दाल, तेल समेत काफी सामान मिक्स होकर बिक रहा है। अफसरों की लापरवाही नजर आ रही है। यदि लापरवाही नहीं है तो वह इनके साथ मिले हुए हैं। घर में सभी ने कुटटू के आटा की रोटी खाई। एक सदस्य को छोड़कर सभी बीमार हो गए। उसने कुट्टू के अट्टा की रोटी नहीं खाई थी।
रायपुरा निवासी कुलबीर राणा ने बताया कि जानबूझ कर तो कोई ऐसा नहीं करेगा। फिर भी जैसे भी हुआ है। गलत हुआ। जिसने भी आटे का सेवन किया, उनको उल्टी, दस्त, सिर दर्द व अन्य समस्याएं हुई हैं। रात को ही अस्पताल में आना पड़ा। अब तबियब ठीक है।
कुट्टू का आटा खाने से लोगों की तबीयत बिगड़ी है,उल्टी, दस्त समेत सभी को एक जैसी दिक्कत रही। इसकी सूचना मिलने पर घरौंडा क्षेत्र में सैंपल लिए जा रहे हैं, जिनके सैंपल फेल आएंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील है कि वह कुट्टूू के आटे का सेवन करने से बचें। कुट्टू का आटा हैवी होता है। व्रत में फल का ही सेवन करें, क्योंकि कुट्टू के आटे की तासीर गर्म होती है, जिसका ज्यादा सेवन करने पर तबीयत बिगड़ जाती है।अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें। -डाॅ. संदीप कादियान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, करनाल

