पंजाब में पुलिस कस्टडी से फरार हुए गैंगस्टर दीपक टीनू को अजमेर के केकड़ी से गिरफ्तार कर लिया गया है। टीनू को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पकड़ा। उसकी गिरफ्तारी के लिए स्पेशल सेल की 5 टीमें लगातार छापेमारी कर रही थीं। टीनू से स्पेशल सेल ने 5 हैंड ग्रेनेड और 2 सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल भी बरामद किए। वह अजरबैजान में बैठे गैंगस्टर रोहित गोदारा के संपर्क में था।
बुधवार को खुफिया सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने राजस्थान के अजमेर में छापेमारी कर गैंगस्टर टीनू को दबोच लिया। टीनू को पंजाब लाया जा रहा है। लॉरेंस का खासमखास टीनू A कैटेगरी का गैंगस्टर है। सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस में टीनू की भूमिका रही है।
अभी एक हफ्ते पहले ही टीनू की गर्लफ्रेंड को पुलिस ने मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। गर्लफ्रेंड ने खुलासा किया था कि आरोपी टीनू के पास करीब 10 लाख रुपए थे। बता दें कि टीनू 1-2 अक्टूबर की रात को पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था। इसमें पंजाब पुलिस के अधिकारी की भूमिका सामने आई थी।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सीपी HGS धालीवाल ने बताया कि 1-2 अक्टूबर की रात को दीपक टीनू जो गोल्डी बरार गैंग का मेंबर है मानसा पुलिस की हिरासत से फरार हो गया था। उसे पकड़ने के लिए स्पेशल सेल की टीम लगातार काम कर रही थी। इस कड़ी में आज हमें बड़ी सफलता मिली है और उसे अजमेर से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 5 ग्रेनेड और 2 पिस्तौल बरामद हुए हैं।
पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर टीनू की गर्लफ्रेंड को मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा था। वह मालदीव फरार होने की फिराक में थी। पूछताछ में उसने पंजाब पुलिस को कहा कि दीपक टीनू विदेश भाग गया है। वह पहले मॉरीशस गया और फिर साउथ अफ्रीका भाग गया। जिसके बाद पंजाब पुलिस उस एंगल पर जांच में जुट गई। हालांकि वह विदेश नहीं भागा था बल्कि राजस्थान के अजमेर में छुपा हुआ था।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक 2 अक्टूबर को मानसा CIA इंचार्ज दीपक टीनू को रात करीब 11 बजे मानसा से 25 KM दूर झुनीर लेकर आए थे। उसे प्राइवेट गाड़ी में लाया गया। जो ब्रेजा बताई जा रही है। टीनू के साथ सिर्फ CIA इंचार्ज था। कोई दूसरा पुलिस कर्मचारी या सिक्योरिटी नहीं थी। यही नहीं, टीनू को हथकड़ी तक नहीं लगाई गई। इस दौरान वह रात 11 बजे फरार हो गया।
टीनू को रिमांड पर लेने के बाद हवालात की बजाय होटल में रखा जा रहा था। यहां पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की ब्रांच के ऊपर गेस्ट हाउस नुमा होटल बना हुआ है। यहीं टीनू को लाया गया था, जहां से वह फरार हो गया। यह भी पता चला है कि इन कमरों में अक्सर पुलिसवाले ठहरते हैं।
गैंगस्टर दीपक कुमार उर्फ टीनू हरियाणा के भिवानी जिले का निवासी है। उसके पिता पेंटर हैं। टीनू पर हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, दिल्ली में हत्या, हत्या के प्रयास समेत 35 से अधिक केस दर्ज हैं। पिछले करीब 11 साल से वह लॉरेंस गैंग से जुड़ा हुआ है। उसने भिवानी में बंटी मास्टर की हत्या की थी। पंजाब में गैंगस्टर लवी दियोड़ा को मारा था। उसका छोटा भाई चिराग भी नशीले पदार्थों की तस्करी करता है।

