Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 21 जिलों से मानसून की विदाई: दिन में गर्मी, रात में बढ़ी ठंडक; 28 से बारिश के आसार

हरियाणा समेत पूरे उत्तर भारत से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई प्रक्रिया तेजी से पूरी हो रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यमुनानगर जिले के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के लगभग 21 जिलों से मानसून की पूरी तरह विदाई हो चुकी है।

यही स्थिति पड़ोसी राज्यों में भी है, पंजाब के लगभग 92% हिस्से, राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों से भी मानसून वापस लौट चुका है। मानसून के जाते ही अब मौसम के तेवर बदलने लगे हैं।

दिन के समय जहां धूप से हल्की गर्मी बनी हुई है, वहीं रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को प्रदेश में दिन का औसतन तापमान सामान्य से 1.7°C अधिक दर्ज किया गया।

दूसरी ओर, रात के समय हल्की ठंडक की आहट शुरू हो चुकी है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 0.2°C गिरा है। रेवाड़ी के बावल और पंचकूला में रात का पारा सबसे कम 20.8°C दर्ज किया गया।

अगले 2 से 3 दिनों तक प्रदेश भर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ बना रहेगा। हालांकि, 26 और 27 सितंबर को हरियाणा के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। 28 सितंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा, जिसके प्रभाव से कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

प्रदेश भर में बारिश थमने और साफ आसमान की वजह से दिन में धूप की तल्खी बनी हुई है। औसतन अधिकतम तापमान में 0.1°C की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो कि सामान्य से 1.7°C ज्यादा है।

सबसे अधिक तापमान 38.2°C गुरुग्राम में रिकॉर्ड हुआ। ज्यादातर जिलों में दिन का पारा 33°C से 37°C के बीच बना हुआ है। आगामी दिनों में दिन का तापमान 33°C से 35°C के आसपास स्थिर रहने की संभावना है।

मानसून की विदाई के साथ ही रात के समय में हल्की गुलाबी ठंड की आहट होने लगी है। औसतन न्यूनतम तापमान में 0.2°C की गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.8°C रेवाड़ी के बावल और पंचकूला में दर्ज किया गया।

इसके अलावा गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ में रात का पारा 21.1°C रहा। आने वाले दिनों में उत्तरी और पश्चिमी हवाओं के असर से रात के पारे में और गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे रातें और ठंडी होंगी।

Exit mobile version