हरियाणा से आज मानसून विदा हो जाएगा। हालांकि विदाई के आखिरी दिन 2 जिलों पंचकूला और यमुनानगर में मौसम खराब रहने के आसार हैं। यहां हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। लगातार बारिश और मानसूनी हवाओं के चलते ठंड का आगमन शुरू हो गया है।
24 घंटे में तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट आई है। वहीं, प्रदेश में मानसून का प्रदर्शन अब तक संतोषजनक रहा है। कुल मिलाकर अब तक 424.6 मिमी बारिश के मुकाबले 406.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जो सामान्य से महज 4% कम है। यानी बारिश का कोटा लगभग पूरा हो चुका है।
वहीं, जिले के हिसाब से बारिश की स्थिति देखें तो 10 जिले ऐसे हैं जिनमें 10 से 38% कम बारिश दर्ज की गई है। 12 जिलों में सामान्य से 10 से 71% अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी और कुछ जगहों पर मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई होते-होते एक सप्ताह का समय लग सकता है। वर्षा और बादल न होने से अच्छी धूप निकलेगी, जिससे अगले सप्ताह कुछ जिलों का तापमान बढ़ सकता है। हालांकि इन दिनों लगातार बारिश से तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है।
सूबे के 3 जिलों रोहतक, महेंद्रगढ़ और सोनीपत में गिरावट देखी गई। इन जिलों में 2.0 डिग्री की गिरावट आई। सबसे ज्यादा पारा सिरसा का रिकॉर्ड किया गया, यहां का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री रहा। हालांकि 24 घंटे के भीतर यहां भी 1.0 डिग्री की गिरावट हुई है।

