Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के आधे जिलों में बरस रहा मानसून:तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज

हरियाणा में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। आज हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। रात से ही हरियाणा के आधे से ज्यादा हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। हरियाणा के चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, करनाल, यमुनानगर, सोनीपत, जींद, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला जिलों में बारिश हुई।

इसके साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में तेज हवाओं के बीच बारिश की संभावना जताई है। हिसार में रात से ही रुक-रुक कर बारिश जारी है। इससे शहर में पानी भर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

शनिवार को हरियाणा के 8 जिलों हिसार, सिरसा, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, मेवात, पंचकूला, सोनीपत, भिवानी में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। हरियाणा में सबसे ज्यादा बारिश मेवात में 51 एमएम दर्ज की गई।

हरियाणा प्रदेश में 7 जुलाई तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। अगले तीन-चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता और बढ़ने की संभावना है, जिससे प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मानसूनी हवाओं के कारण 7 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है तथा इस दौरान कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की भी संभावना है। इससे दिन के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है तथा वातावरण में नमी की मात्रा लगातार अधिक बनी रहेगी।

Exit mobile version