आज हल्की से तेज बारिश का अलर्ट है। पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश होगी। वहीं बाकी जिलों में हलकी बारिश हो सकती है। सुबह के वक्त हिसार में बूंदाबांदी हुई। इसके बाद सुबह करीब 11 बजे यमुनानगर में बारिश शुरू हुई।
हरियाणा में मानसून की बारिश अब आफत बनकर बरस रही है। राज्य के 11 जिलों में रविवार को बारिश दर्ज की गई है, जिनमें कई शहरों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। सोनीपत में 92 एमएम, राई में 122 एमएम, फरीदाबाद में 116 एमएम बारिश दर्ज की गई है। राज्य में मानसून सीजन के दौरान अब तक 289 एमएम बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 15 फीसदी ज्यादा है। लगातार बारिश से राज्य से बहने वाली सभी नदियां उफान पर बह रही है। इससे कई जगह पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगस्त के आने वाले दिनों में भी भारी बारिश के आसार बने हुए हैं।
हरियाणा में शनिवार को गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, पलवल, झज्जर, जींद, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और पंचकूला में बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से दिन के तापमान में करीब औसत 3.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे गर्म नारनौल रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री दर्ज किया गया है। हालांकि कई इलाकों में उमस भी अत्यधिक रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया, दस अगस्त से मानसून टर्फ नीचे आने की संभावना है, जिससे राज्य में बारिश की गतिविधियों में फिर से बढ़ोतरी होने के आसार हैं। दस से 12 अगस्त के दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना है। इस दौरान वातावरण में नमी बढ़ने व दिन के तापमान में हल्का बदलाव आ सकता है।
