Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मानसून पूरी तरह एक्टिव…3 जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट, फरीदाबाद सबसे भीगा सिरसा-फतेहाबाद में अब भी सूखे जैसे हालात

हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार सुबह पानीपत, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने आज यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अंबाला, पंचकूला और आसपास के उत्तर-पूर्वी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। दूसरी ओर पश्चिमी हरियाणा के सिरसा और फतेहाबाद में मौसम फिलहाल शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 3 जुलाई से 9 जुलाई के बीच प्रदेश में औसतन 27.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 31 मिलीमीटर होनी चाहिए थी। यानी इस सप्ताह हरियाणा में सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम वर्षा हुई है।

हालांकि जिलों के स्तर पर बारिश का वितरण काफी असमान रहा। फरीदाबाद सबसे अधिक बारिश वाला जिला रहा, जहां सामान्य से 207 प्रतिशत अधिक यानी 92.3 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। गुरुग्राम में भी 87.2 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य से 147 प्रतिशत अधिक है। इसके विपरीत सिरसा में केवल 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 98 प्रतिशत कम है। फतेहाबाद में भी महज 1.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश के बावजूद पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान सिरसा में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं लगातार बारिश के कारण करनाल सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री कम होकर 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। गुरुग्राम प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। नारनौल में रात का तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर और उत्तर-पूर्वी हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

Exit mobile version