Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हरियाणा में आज मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ द्वारा जारी अपडेट्स के अनुसार, 15 अगस्त को राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा।

इनमें 7 जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और पानीपत में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा 16 जिलों सोनीपत, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में अधिकांश जगहों पर बारिश होगी। पश्चिम-दक्षिण के जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी संभव है।

शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से राहत मिली। पानीपत में 36.0 mm, पंचकूला में 18.5 mm, करनाल में 18.0 mm, हिसार के बालसमंद में 15.5 mm, यमुनानगर में 14.0 mm बारिश दर्ज की गई।

राज्य के औसत अधिकतम तापमान में बीते 24 घंटों में 2.6°C की गिरावट दर्ज की गई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान सिरसा में 36.7°C दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 35.8°C और नारनौल में 34.5°C पारा रहा।

वहीं बारिश के चलते यमुनानगर में पारा गिरकर 29.5°C, रेवाड़ी में 30.0°C, गुरुग्राम में 30.6°C, सोनीपत व पलवल में 30.7°C और झज्जर में 30.9°C रिकॉर्ड किया गया। इसके साथ ही पंचकूला में 32.1°C, रोहतक में 32.2°C और करनाल में 32.6°C अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।

प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.8°C की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। पूरे हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 24.0°C दर्ज किया गया।

इसके अलावा चंडीगढ़ में न्यूनतम पारा 24.8°C, यमुनानगर में 26.0°C, भिवानी में 26.5°C और हिसार में 27.6°C दर्ज हुआ। वहीं करनाल में 28.5°C, अंबाला में 29.0°C, रोहतक में 29.2°C और नूंह में 29.4°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया

Exit mobile version