उत्तर भारत में बने नए मानसूनी तंत्र और उत्तरी हरियाणा पर बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के चलते प्रदेश में मानसूनी हवाएं एक बार फिर से जोर पकड़ रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज मानसूनी सक्रियता बढ़ने से प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे।
इसके अलावा कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक दिन पहले मंगलवार को पंचकूला और इससे लगते इलाकों में भारी बरसात के बाद घग्गर समेत दूसरे नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया। घग्गर में आए पानी के कारण नाडा साहिब गुरुद्वारा के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल बह गया।
श्यामटू की नदी में एक किसान भी फंस गया, जिसे लोगों ने रस्सी के सहारे निकाला। पंचकूला के सेक्टर-17 की राजीव कॉलोनी के पास बरसाती नाले में 2 युवक बह गए। मौके पर पहुंची NDRF टीम ने इनमें से एक युवक को बचा लिया।
मौसम विभाग के अनुसार आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 50 से 75 प्रतिशत स्थानों पर हल्की से मध्यम बरिश हो सकती है।
वहीं पश्चिमी जिले सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों 25 से 50 प्रतिशत हिस्से पर पर बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।
