जींद में बदमाशों ने सब इंस्पेक्टर (SI) को लिफ्ट देकर कार में बैठा लिया और उससे जबरदस्ती 4700 रुपए छीन लिए। इसके बाद आरोपी उसे नए बस स्टैंड के पास उतार कर फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने 4 युवकों को नामजद कर के उनके खिलाफ केस दर्ज किया है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में मूल रूप से जींद के ढिगाना गांव और हाल आबाद जुलाना बिजली घर के पास रहने वाले अनूप सिंह ने बताया कि वह रोहतक में थाना शिवाजी कॉलोनी में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं।
उन्होंने कहा कि 7 अगस्त को उसे NDPS एक्ट के मामले को लेकर हाईकोर्ट में रिप्लाई देना था। इसलिए वह हाईकोर्ट जाने के लिए सुबह 4 बजे घर से निकला और जुलाना बाईपास पर ठेका के सामने खड़ा हो गया। वहां रोहतक की तरफ से एक स्कॉर्पियो गाड़ी (HR31V-5100) आकर उसके पास रूकी। इसमें चार लड़के बैठे हुए थे।
उन्होंने कहा कि वह जींद की तरफ जा रहे हैं, इसलिए उसे भी ले चलेंगे। वह गाड़ी में बैठ लिया। उसने युवकों से नाम पूछा तो जो लड़का गाड़ी चला रहा था, उसने अपना नाम शामलो खुर्द गांव का हैप्पी बताया। उसके पास ही बैठे लड़के ने अपना नाम शामलो कलां निवासी अंकित, तीसरे ने शामलो खुर्द निवासी राहुल और चौथे ने सूरज बताया।
अनूप सिंह ने कहा कि जब वह जींद नया बाईपास पर हवेली के पास पहुंचे तो चारों ने अपनी गाड़ी रोक दी और उससे कहने लगे कि जो भी कैश या सामान उसके पास है, निकाल दे। उसने मना किया तो चारों ने उसे पकड़ लिया और जबरदस्ती उसकी जेब से 4700 रुपए निकाल लिए। इसके बाद उसे गाड़ी से नीचे उतारने लगे।
अनूप ने कहा कि उसे हाईकोर्ट जाना है, इसलिए ऐसा न करें। लेकिन आरोपी नहीं मानें और उसे नया बस स्टैंड के पास उतार कर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने धमकी दी कि घटना के बारे में किसी को बताया तो जान से मार देंगे।
अनूप सिंह ने कहा कि इसके बाद डायल 112 पर कॉल की। तो पुलिस मौके पर पहुंची, जिसे सूचना देने के बाद वह हाईकोर्ट चला गया। वहां से वापस आने के बाद अनूप ने पुलिस को शिकायत दी।
सदर थाना प्रभारी ने कहा कि अनूप सिंह की शिकायत पर हैप्पी, अंकित, राहुल, सूरज को नामजद कर उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

