रोहतक के गांव मदीना से मोखरा रोड पर गाड़ी चालक को मोटर साइकिल सवार 3 युवकों ने पिस्तौल के बल पर लूट लिया। घटना उस समय हुई, जब बिस्किट फैक्ट्री का ड्राइवर सामान लेकर गांव मोखरा मदीना जा रहा था और बीच रास्ते में आराम करने लगा। इसी दौरान बदमाश पिस्तौल दिखाकर 2900 रुपए व मोबाइल छीन ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है।
झज्जर के गांव डीघल निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बिस्किट फैक्ट्री में ड्राइवर की नौकरी करता है। सोमवार को वह गाड़ी लेकर मोखरा मदीना बिक्री के लिए जा रहा था। बीच रास्ते में मदीना से मोखरा रोड पर पुल के नीचे गाड़ी खड़ी करके आराम करने लगा। इसी दौरान मोटर साइकिल पर तीन युवक आए और बाइक रुकते ही एक युवक ने उन पर पिस्तौल तान दी। वहीं दूसरा युवक मारपीट करने लगा।
युवक ने जेब से 2900 रुपए निकाल लिए और मोबाइल छीन लिया। युवक घटना को अंजाम देकर बहुअकबरपुर की तरफ भाग गए। वहीं आरोपी युवक जिस मोटर साइकिल पर आए थे, उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी।
