रोहतक में सीएम मनोहर लाल ने बुधवार काे जिला के विकास से संबंधित मौजूदा व प्रस्तावित विकास परियोजनाओं को लेकर अलग-अलग स्थानों का दौरा किया। परियोजनाओं के बारे में मौके पर ही अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। सीएम मनोहर लाल ने चीनी मिल भाली का दौरा किया। उन्होंने मिल में मौजूद गन्ना उत्पादक किसानों से बातचीत की। मिल में चीनी उत्पादन प्रक्रिया को देखा।
सीएम मनोहर लाल ने एमडीयू के कार्यक्रम के बाद गांव कन्हेली में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की ओर से बनाए जा रहे मल शोधन संयंत्र पर सौर ऊर्जा ग्रेड संचालित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का निरीक्षण किया। परियोजना की प्रगति के बारे में अधिकारियों से रिपोर्ट प्राप्त की और आवश्यक दिशानिर्देश भी जारी किए। मल शोधन संयंत्र से 3.06 क्यूसेक पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध होगा। योजना के तहत यहां पर सूक्ष्म सिंचाई के लिए 45 एचपी व एक सौ एलपीएस क्षमता के पंप लगाए जा रहे हैं। किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 4715 मीटर लंबी मुख्य लाइन बिछाई जाएंगी।
सोलर ग्रिड पॉवर पर आधारित समेकित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना से गांव मायना वह कन्हेली के लगभग 300 किसानों को लाभ मिलेगा। इस परियोजना से मिलने वाले पानी से 1250 एकड़ अर्थात 506 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जाएगी। ऐसा करने से नहर के 3.06 क्यूसेक शुद्ध जल की बचत होगी, जिसका अन्य कार्यों के लिए उपयोग किया जाएगा। इस पानी से सिंचाई के बाद भूमि की उर्वरा शक्ति भी बढ़ेगी व परियोजना से सूक्ष्म सिंचाई को बढ़ावा मिलेगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 23 करोड़ रुपये खर्च होंगे और कार्य को मार्च 2024 में पूरा कर लिया जाएगा। अब तक परियोजना का लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस दौरान एसई दिनेश राठी व एक्सईएन रामनिवास भी मौजूद रहे।
सीएम मनोहर लाल ने चीनी मिल भाली का दौरा करने के बाद गांव बनियानी के समीप भिवानी रोड से मोखरा रोड की कनेक्टिविटी के लिए बनाए जाने वाले प्रस्तावित मार्ग का मौका भी देखा। उन्होंने मौके पर भू-मालिकों से भी बातचीत की और कहा कि इस रोड के बनने के बाद आसपास के क्षेत्र के विकास में और भी तेजी आएगी।
