Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मोदी भक्त सिंगर ने राहुल गांधी से मांगी माफी; पहले कहे अपशब्द, अब सुरजेवाला के मंच पर गाना गाकर जॉइन की कांग्रेस; BJP पर लगाए दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप

हरियाणा के मशहूर गायक रॉकी मित्तल भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस में शामिल होते हुए मित्तल ने अपने पुराने विवादित गानों के लिए राहुल गांधी से एक गाना गाते हुए माफी मांगी है। उन्होंने भाजपा पर नफरत फैलाने का आरोप भी लगाया है।

रॉकी मित्तल को जय भगवान मित्तल के नाम से भी जाना जाता है। भाजपा में रहते हुए उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ कई गाने गाए थे। साथ ही उन्होंने खुद को मोदी भक्त के तौर पर भी कई बार पेश किया है।जिस दौरान मित्तल कांग्रेस की सदस्यता ले रहे थे उस समय मंच पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला भी मौजूद थे। यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें रॉकी मित्तल एक गाना गाते हुए नजर आ रहे हैं। गाने में मित्तल खुद को अंधभक्त और राहुल गांधी को भाई कहते हुए नजर आ रहे हैं।

रॉकी मित्तल कई सालों से बीजेपी से जुड़े हुए थे हालांकि उन्होंने 1 अगस्त को भाजपा छोड़ दी थी। 2014 के चुनावी अभियान के दौरान भी उन्होंने भाजपा के लिए कई प्रसिद्ध गाने गाए थे। उनका सबसे मशहूर गाना था “पीएम बनेगा नरेंद्र मोदी”। यह गाना भाजपा की हर रैली में गूंजता था। मित्तल की आवाज ने मोदी समर्थकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। 2019 के चुनावों में भी उन्होंने कांग्रेस और उसके नेताओं के लिए अपने गानों में खूब अपशब्द इस्तेमाल किए थे।

गानों के माध्यम से कांग्रेस पर हमला कर मित्तल हमेशा भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास करते थे। मित्तल बताते हैं कि पिछले 14 सालों में उन्होंने पीएम मोदी, बीजेपी और योगी आदित्यनाथ के लिए लगभग 200 से ज्यादा गाने गाए हैं।

रॉकी मित्तल ने भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सालों तक पार्टी के लिए काम करने के बावजूद उन्हें जेल भेजा गया और उनके साथ गलत व्यवहार किया। इसी कारण उन्होंने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया है। मित्तल का कहना है कि निस्वार्थ काम के बावजूद पार्टी ने पिछले चार साल से उनकी अनदेखी की है और उनके खिलाफ गलत कार्रवाई की है।

भाजपा में रहते हुए जहां मित्तल अपने हर गाने में मोदी की तारीफ करते हुए नजर आते थे। तो अब भाजपा छोड़ने के बाद मित्तल के सुर भी बदल गए हैं। बुधवार को कांग्रेस में शामिल होते हुए मित्तल ने एक गाना गाया। इस गाने में मित्तल ने राहुल गांधी से माफी तो मांगी ही साथ ही उन्होंने भाजपा के खिलाफ जमकर जहर उगला। उनके गाने के बोल थे- “ठोकर मैंने खाई, राहुल मेरे भाई। मुझे माफ करना, राहुल मेरे भाई। नफरत फैलाई सबने, तूने मिटाई। मुझे माफ करना, राहुल मेरे भाई”। यह गाना गाते हुए उन्हें खुलकर बीजेपी से अपनी नाराजगी दिखाई है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस से अपनी वफादारी का भी इजहार कर दिया।

मित्तल ने 2021 में हरियाणा की खट्टर सरकार पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगाए थे। इन्हीं दिनों पुलिस ने 2015 के एक मामले में मित्तल को गिरफ्तार कर लिया था। मित्तल पर आरोप था की कैथल में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान उन्होंने जज के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की थी। हालांकि बाद में मित्तल को जमानत पर रिहा कर दिया गया था लेकिन बीजेपी के साथ उनके रिश्तों में खटास बढ़ चुकी थी।

Exit mobile version