हरियाणा के सिरसा में कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनिवाल के बयानों के बाद सिरसा विधायक गोकुल सेतिया और कालांवाली विधायक शीशपाल कहरवाला ने खुलकर मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया पोस्ट और तीखे बयानों के बाद पार्टी के भीतर विवाद और गहरा गया है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब संतोष बेनिवाल ने विधायक गोकुल सेतिया की सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “कांग्रेस बहुत बड़ा परिवार है। हमारे बीच मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं। गोकुल मेरा छोटा भाई है, उसमें बचपना है।”
वहीं कालांवाली में कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि “मुझे नेताओं के आने या न आने से फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस सिरसा में कार्यकर्ताओं की बदौलत जिंदा है, नेताओं की जरूरत नहीं।” इसी बयान के बाद पार्टी के भीतर नाराजगी बढ़ गई।
इसके जवाब में सिरसा विधायक गोकुल सेतिया ने लगातार चार सोशल मीडिया पोस्ट कर जिलाध्यक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष पहले नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा, फिर सांसद कुमारी सैलजा और अब विधायकों के खिलाफ बयानबाजी कर रही हैं। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि “अब ये जिलाध्यक्ष हमें राजनीति सिखाएगी।” दूसरी पोस्ट में उन्हें “थोड़े दिन की एक्सीडेंटल जिलाध्यक्ष” बताते हुए जल्द सच्चाई सामने आने की बात कही। अन्य पोस्ट में उन्होंने उनके राजनीतिक अनुभव और पार्टी निष्ठा पर भी सवाल उठाए।
उधर कालांवाली विधायक शीशपाल कहरवाला ने भी पलटवार करते हुए कहा कि “जिला प्रधान के नाम पर दुकान चलाने की कोशिश हो रही है, लेकिन ऐसी दुकानें ज्यादा दिन नहीं चलतीं।” उन्होंने दावा किया कि बैठक में पहुंचे कई कार्यकर्ताओं को यह भी पता नहीं था कि बैठक किस उद्देश्य से बुलाई गई थी।
गौरतलब है कि संतोष बेनिवाल अगस्त 2025 में कांग्रेस की सिरसा जिलाध्यक्ष बनी थीं। पिछले कुछ समय से उनके और जिले के कांग्रेस विधायकों के बीच दूरी साफ दिखाई दे रही है। हालिया बयानबाजी के बाद सिरसा कांग्रेस की गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है।

