Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

विधायक भारत भूषण बत्रा की पहल रंग लाई: खरावड़ के पास दिल्ली-रोहतक कट खुला, जेसीबी से हटे पत्थर; सुरक्षा के लिए स्पीड ब्रेकर भी लगाए

रोहतक 6 अप्रैल ! विधायक भारत भूषण बत्रा द्वारा उपायुक्त रोहतक को लिखे गए पत्र पर प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए खरावड़ के निकट दिल्ली से रोहतक की ओर बंद किए गए रास्ते को पुनः खोल दिया है। प्रशासन की टीम ने आज मौके पर जेसीबी लगाकर रास्ते में रखे पत्थरों को हटाया और आवागमन बहाल कर दिया।

उपायुक्त द्वारा विधायक को आज शाम तक रास्ता खुलवाने का आश्वासन दिया गया था, जिस पर अमल हुआ। विधायक की मांग के अनुरूप कट से पहले स्पीड ब्रेकर भी स्थापित कर दिए गए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
विधायक भारत भूषण बत्रा ने इस त्वरित जनहित कार्यवाही के लिए जिला प्रशासन और उपायुक्त का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा प्रशासन को सुरक्षा के लिहाज से दिए गए उनके अन्य महत्वपूर्ण सुझावों पर भी तुरंत कार्यवाही करनी चाहिए।


बत्रा बोले : रास्ता खुलना राहत, अब सुरक्षा के बाकी बिंदुओं पर भी हो कार्रवाई

विधायक बत्रा ने दोहराया कि यह सिर्फ रास्ता खुलवाने का विषय नहीं था, बल्कि यहां हादसों की आशंका को देखते हुए स्थायी और सुरक्षित ट्रैफिक व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने प्रशासन को पहले भेजे गए पत्र में सुरक्षा से जुड़े पांच अहम बिंदुओं पर विशेष जोर दिया था।उन्होंने मांग की थी कि कट से पहले स्पीड ब्रेकर बनाई जाए ताकि कट से पहले वाहनों की रफ्तार नियंत्रित रहे।इसी तरह इस रोड पर रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाएं ताकि रात में दृश्यता बनी रहे। बत्रा में प्रशासन से यह भी मांग की थी कि कट के आसपास स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत हो जिससे दुर्घटना का खतरा कम हो। उन्होंने उपायुक्त को लिखे पत्र में यह भी कहा था कि ट्रैफिक पुलिस/होमगार्ड की तैनाती पीक टाइम में की जाए। इसमें तकनीकी रूप से उन्होंने यह भी कहा था कि कट की ज्योमेट्री और मोड़ की चौड़ाई का तकनीकी सुधार हो ताकि बड़े वाहनों को सुरक्षित मोड़ने में दिक्कत न हो। विधायक का मानना है कि तमाम सुरक्षा उपाय लागू होने से हादसों की संभावना कम होगी! उन्होंने यह मार्ग खोले जाने पर एक बार फिर रोहतक प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इस रोड से संबंधित जो मांगे प्रशासन के सामने रखी थी उन पर तत्काल कार्य शुरू होना चाहिए।

Exit mobile version