Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

20 लाख नकद और लाखों के जेवर ले उड़े बदमाश…CCTV में कैद हुए चोर

हरियाणा के नूंह जिले में चोरों ने एक अधिवक्ता के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वार्ड नंबर-10 स्थित अधिवक्ता पंकज गुप्ता के घर का ताला तोड़कर बदमाश करीब 20 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद घर का सामान बिखरा मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रात में ताला तोड़कर घर में घुसे चोर

अधिवक्ता पंकज गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 अगस्त की रात उन्होंने मकान के निचले हिस्से में ताला लगाया और परिवार के साथ ऊपर की मंजिल पर सो गए। सुबह करीब 5 बजे नीचे आने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था।

20 लाख नकद समेत लाखों के जेवर चोरी

शिकायत के अनुसार, बदमाश अलमारी में रखे 20 लाख रुपये नकद के अलावा कई कीमती आभूषण भी चुरा ले गए। चोरी हुए सामान में करीब 30 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट, 50-50 ग्राम के दो महिला कड़े, 20 ग्राम का सोने का कड़ा, दो डायमंड अंगूठियां, सोने के टॉप्स, चार चांदी की लुटिया, 20 चांदी के सिक्के और पांच जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं।

CCTV में दिखे बाइक सवार तीन संदिग्ध

घटना के बाद परिवार ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस जुटी आरोपियों की तलाश में

सूचना मिलते ही सिटी थाना नूंह पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सिटी थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि चोरी की शिकायत मिल चुकी है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Exit mobile version