Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में 2 युवकों पर बदमाशों ने चलाई गोलियां: एक की हालत गंभीर, आरोपी फरार

हरियाणा में रोहतक के IMT इलाके में कारसवार दो युवकों को सरेआम गोलियां मार दी गईं। दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची आईएमटी थाने की पुलिस ने दोनों युवकों को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक इनमें से एक युवक के कंधे पर तो दूसरे को छाती के साइड में गोली लगी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस अपनी छानबीन में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, बोहर गांव का 28 साल का नीतेश उर्फ ढीला और 27 वर्षीय प्रवीण उर्फ नीटू शनिवार शाम तकरीबन सवा 5 बजे अपनी कार से आईएमटी एरिया से कहीं जा रहे थे। जब वे एशियन पेंट्स की फैक्टरी के पास पहुंचे तो वहां आई एक दूसरी कार में सवार युवकों ने दोनों पर गोलिया चलानी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में नीतेश और प्रवीण घायल हो गए। दोनों को गोलियां मारने के बाद बदमाश फरार हो गए।

गोलियां चलाने वाले बदमाश बलियाणा गांव के बताए जा रहे हैं। लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने नीतेश और प्रवीण को कार से निकालकर खेड़ी साध के एक प्राइवेट अस्पताल में पहुंचाया। हमलावरों की ओर से चलाई गई गोली नीतेश की छाती की साइड में लगने की वजह से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल हमलवारों या वारदात के बारे में ज्यादा जानकारियां नहीं है। गोलियां चलाने वाले बदमाश कौन थे? उन्होंने किस वजह से हमला किया? यह तमाम जानकारियां नीतेश और प्रवीण का बयान लेने के बाद ही मिल पाएंगी। फिलहाल दोनों का इलाज चल रहा है और दोनों ही बयान देने की स्थिति में नहीं है।

Exit mobile version