रेवाड़ी शहर में दो दिन पहले किडनैप हुई नाबालिग युवती का शव बुधवार की देर रात रेवाड़ी-रोहतक हाईवे पर रामगढ़ चौक के निकट पड़ा मिला। नाबालिग की गर्दन पर चाकू से वार के निशान मिले हैं। अंदेशा है कि लड़की की हत्या कर यहां शव लाकर फेंका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।
दरअसल, बुधवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि रेवाड़ी-रोहतक हाईवे पर रामगढ़ चौक निकट एक लड़की का शव पड़ा हु़आ है। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
लड़की गर्दन पर चाकू के वार के कई निशान मिले हैं। पुलिस ने जांच शुरू की तो शव की शिनाख्त हो गई। वह शहर के ही एक मोहल्ला की रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग है। सूचना के बाद लड़की के परिजनों ने भी उसकी शिनाख्त की।
परिजनों के अनुसार, नाबालिग लड़की शहर के एक स्कूल में दसवीं कक्षा की छात्रा थी। वह रोजाना ट्यूशन पढ़ने के लिए मोहल्ला नई आबादी में जाती थी। मंगलवार को भी वह घर से ट्यूशन पर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी थी। वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश भी की।
एक जगह लगे सीसीटीवी कैमरे में शाम के समय नाबालिग वापस घर लौटती हुई तो दिखाई दी, लेकिन घर नहीं पहुंची। परिजनों ने बुधवार की सुबह शहर थाना में शिकायत देकर अपहरण का मामला दर्ज कराया था। आशंका जताई जा रही है कि अपहरण करने के बाद नाबालिग की चाकू से वार कर हत्या कर दी और शव को हाईवे किनारे फेंक दिया। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी शव की जांच के लिए बुलाया।
नाबालिग लड़का का शव सदर थाना क्षेत्र में मिला है, लेकिन अपहरण का मामला शहर थाना में दर्ज होने के कारण जांच भी उसी थाना पुलिस द्वारा की जाएगी। सिटी SHO विद्या सागर ने बताया कि इस मामले में हत्या की धारा भी जोड़ी गई है। आज शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपी के बारे में भी सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

