Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में नहर में डूबने से नाबालिग की मौत:दोस्तों के साथ गया था घूमने, पैर फिसलने के कारण हुआ हादसा

रोहतक में जेएलएन नहर के पास दोस्तों के साथ घूमने गए नाबालिग लड़के की पैर फिसलने के कारण नहर में गिरकर डूबने से मौत हो गई। सूचना पाकर आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

मृतक की पहचान 17 वर्षीय श्रवण पुत्र शिव कुमार निवासी फतेहपुर कॉलोनी के रूप में हुई, जो अपने दोस्त दीपेंद्र, अर्पित और सोहित के साथ नहर पर घूमने गया था। दोपहर को दीपेंद्र ने घर आकर सूचना दी कि श्रवण नहर में डूब गया है, जिसे पीजीआई लेकर गए हैं। इस सूचना पर परिजन पीजीआई पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि श्रवण की मौत हो चुकी है।

श्रवण के रिश्ते में ताऊ आजाद सिंह ने बताया कि श्रवण अपने दोस्तों के साथ नहर पर गया था। इस दौरान दीपेंद्र ने श्रवण को नहर में नहाने के लिए जोर दिया। श्रवण ने मना किया कि उसे तैरना नहीं आता, लेकिन दीपेंद्र नहीं माना और उसे नहाने के लिए अंदर ले गया। इसके बाद दीपेंद्र तो बाहर आ गया, लेकिन श्रवण अंदर ही रह गया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह बात उन्हें दीपेंद्र ने ही घर आकर बताई है।

आजाद सिंह ने बताया कि अर्पित, सोहित और दीपेंद्र ने स्कूल बंक किया था। वे तीनों श्रवण को कब अपने साथ लेकर गए, उन्हें नहीं पता। उन्हें घटना के करीब दो घंटे बाद दीपेंद्र ने ही घर आकर जानकारी दी, जिसके बाद परिजन पीजीआई पहुंचे। अर्पित व सोहित का कहना है कि श्रवण का पैर फिसल गया, जिससे वह नहर में गिरा। जबकि दीपेंद्र का कहना है कि वह श्रवण को नहाने के लिए अंदर लेकर गया था। अब सच्चाई क्या है, यह सबके सामने आनी चाहिए।

थाना आईएमटी से जांच अधिकारी हेड कॉन्स्टेबल राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि श्रवण कुमार पुत्र शिव कुमार निवासी फतेहपुर कॉलोनी की जेएलएन में डूबने से मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की। मृतक का कल पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।

Exit mobile version