रोहतक के रहने वाले नाबालिग बहन-भाई का संदिग्ध हालातों में लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों बहन-भाई उस समय लापता हुए, जब उनकी मां अपनी भांजी से मिलने गई हुई थी। इसका पता लगते ही परिवार वालों ने उन्हें तलाश करना आरंभ कर दिया। लेकिन कहीं भी सुराग नहीं लगने पर इसकी शिकायत पुलिस को दी गई।
रोहतक की एक कॉलोनी निवासी महिला ने पुरानी सब्जी मंडी में बहन-भाई लापता होने की शिकायत देते हुए बताया कि उसका नाबालिग बेटा व बेटी रविवार को घर से बिना बताए कहीं चले गए है। इसका पता लगते ही उन्होंने तलाश करना आरंभ कर दिया। उन्होंने रिश्तेदारियों में भी दोनों बच्चों का पता किया, लेकिन कहीं पर कोई सुराग नहीं लगा।
उन्होंने बताया कि उसके बेटे की उम्र करीब 16 वर्ष है और पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है। वहीं उसकी बेटी का जन्म 2006 में हुआ था, जो 9वीं कक्षा पास है। इसकी शिकायत मिलने के बाद पुराना सब्जी मंडी थाना पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। लेकिन अभी तक दोनों बहन-भाई का कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। परिजन व पुलिस दोनों बहन-भाई को खोजने में जुटे हुए हैं।

