Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में AI से अश्लील फोटो बनाकर नाबालिग को किया ब्लैकमेल: दो युवकों पर रेप का आरोप, POCSO में केस

रोहतक। जिले के अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दो युवकों पर धमकी देकर उसके साथ जबरन गलत काम करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार, 5 अक्टूबर को वह अपने चाचा के पास रह रही थी। इसी दौरान एक आरोपी कार लेकर आया और उसे जबरन अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी उसे अपने कार्यालय के पास बने कमरे में ले गया, जहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। इसके बाद आरोपी उसे घर के सामने वाली गली में छोड़कर चला गया।

पीड़िता ने बताया कि घर जाने के दौरान वह चक्कर खाकर गली में गिर गई। परिवार के सदस्य उसे तलाशते हुए वहां पहुंचे और उसकी हालत देखकर पूछताछ की। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। परिजनों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

CWC ने की नाबालिग की काउंसलिंग

बाल कल्याण समिति (CWC) के चेयरमैन एडवोकेट सतीश कौशिक ने बताया कि नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। समिति की ओर से पीड़िता की काउंसलिंग की गई तथा उसके परिजनों से भी बातचीत की गई। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

थाना अर्बन एस्टेट पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की ने दो युवकों के खिलाफ जबरन गलत काम करने की शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Exit mobile version