Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

गर्भ जांच पर मंत्री विज हुए सख्त: 5 जिलों में रैंडम चेकिंग के निर्देश; पड़ोसी प्रदेशों के अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर नजर

हरियाणा के 5 जिलों में लिंगानुपात गिरने पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज काफी नाराज हैं। वह पहले ही आशंका जता चुके हैं कि इन जिलों में गर्भ में लड़का है या लड़की, यह बताने वाले रैकेट के सक्रिय है। अब उन्होंने अधिकारियों को जिलों में रैंडम चेकिंग के निर्देश दिए हैं। साथ ही हर महीने जिलों में लिंगानुपात को लेकर समीक्षा करने की हिदायत भी दी है।

स्वास्थ्य मंत्री विज ने महकमे के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसे क्षेत्रों की रिपोर्ट तैयार करें जो हरियाणा में लिंगानुपात को प्रभावित कर रहे हैं। यह जानकारी संबंधित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को लिखित में दी जाएगी कि एक गली में 10-10 अल्ट्रासाउंड केंद्र क्या कर रहे हैं। विज ने यह भी संकेत दिए हैं कि हरियाणा में दूसरे राज्यों के रैकेट सक्रिय हैं।

स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का कहना है कि विभाग के सभी अधिकारियों व CMO के साथ बातचीत कर कार्य योजना बनाई जाए। इस पर पूरी सख्ती की जाएगी और प्रदेश के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर जांच लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि दूसरों राज्यों की पुलिस के साथ हरियाणा पुलिस संपर्क साध कर इसके खिलाफ अभियान छेड़ेगी।

जन्म लिंगानुपात (SRB) की रिपोर्ट में सामने आया है कि हरियाणा के 5 जिलों में लिंग अनुपात गड़बड़ा गया है। इन जिलों में 1000 पुरुषों के मुकाबले बेटियों की संख्या 900 से कम दर्ज की गई है। इन जिलों में हिसार, करनाल, कुरुक्षेत्र, फरीदाबाद और रेवाड़ी शामिल हैं। अब इन जिलों पर गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री की विशेष नजर रहेगी।

Exit mobile version