Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

राशन वितरण में लापरवाही पर मंत्री की सख्ती: पात्र कार्डधारकों को पूरा राशन देने की चेतावनी

हरियाणा के खाद्य मंत्री राजेश नागर ने सोमवार को डिपो होल्डरों के साथ बैठक कर राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर पात्र कार्डधारक को समय पर पूरा राशन मिलना सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने कहा कि राशन वितरण में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री राजेश नागर ने निर्देश दिए कि सभी पात्र राशन कार्डधारकों को उनकी यूनिट के हिसाब से पूरा राशन उपलब्ध करवाया जाए। यदि किसी लाभार्थी को किसी वजह से पूरा राशन नहीं मिल पाता है, तो डिपो होल्डर को बिल पर बकाया राशन की स्पष्ट जानकारी दर्ज करनी होगी। इससे उपभोक्ता को अपने बकाया राशन की सही जानकारी मिल सकेगी और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी।

मंत्री ने राशन कार्ड धारकों से कहा कि यदि बकाया राशन 2 से 3 दिन के भीतर उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो संबंधित कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि राशन लेते समय वे अपने राशन की मात्रा की जांच जरूर करें। जब तक उन्हें पूरा राशन प्राप्त न हो जाए, तब तक रसीद पर हस्ताक्षर न करें।

राजेश नागर ने बताया कि सरकार की ओर से डिपो होल्डरों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था निशुल्क की जाती है। ऐसे में यदि कोई ट्रांसपोर्टर राशन पहुंचाने के बदले डिपो होल्डर से पैसे की मांग करता है तो इसकी तत्काल विभाग को सूचना दी जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राशन पहुंचाने के नाम पर किसी भी तरह की अवैध वसूली स्वीकार नहीं की जाएगी।

मंत्री ने डिपो होल्डरों से कहा कि राशन वितरण के दौरान सभी नियमों का पालन किया जाए और लाभार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सरकारी राशन व्यवस्था का लाभ उन्हीं लोगों तक पहुंचना चाहिए जो इसके पात्र हैं। इसके लिए विभागीय अधिकारियों और डिपो होल्डरों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभानी होगी।

Exit mobile version