Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

मंत्री अनिल विज का राहुल गांधी पर कटाक्ष: बोले- डिप्रेशन के शिकार हैं, हमेशा नकारात्मक बातें करते

हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज एक बार फिर राहुल गांधी पर तीखी टिप्‍पणी को लेकर चर्चा में हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी डिप्रेशन के शिकार हैं और वह हमेशा नकारात्मक बातें ही करते हैं। राहुल गांधी को पिछले 8 सालों में BJP द्वारा किया गए एक भी अच्छा काम लगता है तो वह केवल एक काम गिना दें। अनिल विज रविवार देर शाम अंबाला कैंट में 2.54 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुए स्वागत द्वार का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

राज्यसभा सदस्यों के चयन पर कुलदीप बिश्नोई को लेकर उठे सवालों पर गृह मंत्री ने कहा कि यह कांग्रेस का अंदरुनी मामला है। बड़ी प्लानिंग से कोई विधायक वोट खराब करे, यह समझ नहीं आता। कांग्रेस अपने कुछ नेताओं को रायपुर ले गई थी, वहां जाकर यही ट्रेनिंग दी होगी कि अपनी-अपनी वोट खराब कैसे करनी है। उनके दिशा-निर्देशों के अनुसार ही यह हुआ होगा, कांग्रेस ने इसे क्यों नहीं पकड़ा। कांग्रेस के ही भीतर बड़ा खेल हुआ है। कांग्रेस ही उससे उलझे, हम तो खुश हैं कि हम दोनों सीटें जीत गए।

गृह मंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स में विश्व स्तरीय खेलों का ढांचा अंबाला कैंट में मुहैया कराया। ऑल वेदर स्विमिंग पूल, जिम्नास्टिक हॉल, बैडमिंटन हॉल, स्पोर्ट्स होस्टल बना दिया। जल्द ही फीफा एप्रूव्ड फुटबॉल स्टेडियम बनने जा रहा है। अब इसका फायदा तभी है, जब अंबाला के बच्चे इसका लाभ उठा सकें। वह चाहते हैं कि अगली बार खेलो इंडिया में अंबाला के खिलाड़ी अपना नाम रोशन करें। मेरी दिली ख्वाहिश है कि अंबाला के खिलाड़ी दुनिया में जिले का नाम रोशन करें।

Exit mobile version