हरियाणा के बिजली मंत्री अनिल विज ने बुधवार को पंचकूला स्थित बिजली निगम के कॉल सेंटर पर अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कामकाज की जानकारी ली और दर्ज शिकायतों की मॉनिटरिंग खुद की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कई उपभोक्ताओं को सीधे फोन कर पूछा कि उनकी बिजली संबंधी शिकायत का समाधान हुआ या नहीं। इसी दौरान मोरनी क्षेत्र की एक शिकायत सामने आई, जिस पर पिछले दिन से कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। इस पर मंत्री ने संबंधित एसई को कड़ी फटकार लगाई और तुरंत मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए।
वहीं रोहतक जिले से सबसे ज्यादा शिकायतें मिलने पर मंत्री ने वहां के अधिकारियों से फोन पर बात कर लंबित शिकायतों को जल्द निपटाने को कहा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में बिजली शिकायतों का समाधान अधिकतम 2 घंटे के भीतर और ग्रामीण क्षेत्रों में 4 घंटे के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को बिजली समस्याओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए और शिकायत निवारण प्रणाली को और मजबूत बनाया जाए।
बिजली निगम अधिकारियों के अनुसार बुधवार सुबह से दोपहर तक करीब 2500 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से लगभग आधी शिकायतों का समाधान कर दिया गया था। मंत्री ने बाकी शिकायतों को भी जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
