Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

राजस्थानमें वायुसेना का मिग-21 क्रैश: घर पर गिरा फाइटर जेट, 3 महिलाओं की मौत; पायलट ने पैराशूट से कूदकर बचाई अपनी जान

हनुमानगढ़ में सोमवार सुबह मिग-21 फाइटर जेट क्रैश हो गया। फाइटर जेट बहलोल नगर इलाके में एक घर पर गिरा। इस घर में रहने वाली 3 महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पायलट सुरक्षित है। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए हैं।

मृतकों के नाम बशोकौर (45), बंतो (60) और लीला देवी (55) हैं। पायलट राहुल अरोड़ा (25) ने पैराशूट से कूदकर अपनी जान बचाई। उन्हें सूरतगढ़ भेजा गया है।

सूतरगढ़ एयरपोर्ट से 25 किमी दूर मिला फाइटर जेट का पायलट

एयरफोर्स ने कहा, “मिग-21 ट्रेनिंग उड़ान पर था। उड़ान के दौरान पायलट को इमरजेंसी सिचुएशन का पता चला, उसने एयरक्राफ्ट को संभालने की कोशिश की। जब वह ऐसा नहीं कर पाया, तो उसने विमान से इजेक्ट करने का फैसला किया। सूरतगढ़ एयरबेस से करीब 25 किलोमीटर दूर पायलट मिला। उसे मामूली चोटें आई हैं। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।”

जिस घर पर क्रैश, उसके बगल के मकान की छत भी गिरी

हादसे में सरोज (18, विमला (19) और वीरपाल कौर (32) घायल हुई हैं। मिग-21 क्रैश के बाद हुए धमाके से पड़ोस के एक दूसरे मकान की छत गिर गई। इस मकान में रहने वाली महिला को भी चोटें आई हैं।

ग्रामीण प्रहलाद ने बताया कि विमान के घर पर गिरने के बाद जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि घर ध्वस्त हो गया था। घर में मौजूद 3 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी। आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि पुलिस-प्रशासन के लोग जब तक पहुंचे, लोगों ने शव बाहर निकाल लिए थे। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। इसके बाद जेसीबी से मलबे में और लोगों की तलाश की, लेकिन कोई डेडबॉडी नहीं मिली। गांव में करीब 600 घर हैं।

हादसे में मारी गईं महिलाओं के परिजन शवों को रखकर सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग पर अड़ गए थे। इस पर मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की गई है, जबकि नौकरी के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही थी। परिजन 50 लाख मुआवजा की मांग पर अड़े हैं। परिजनों ने शवों का पोस्टमाॅर्टम करवाने से इनकार कर दिया। पीलीबंगा हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर परिजन धरने पर बैठ गए।

Exit mobile version