रोहतक में बेखौफ बदमाशों ने घर में घुसकर एक अधेड़ की जमकर पिटाई कर दी। साथ ही उसके बेटे के साथ भी मारपीट की गई। दोनों को अधमरी हालत में छोड़कर बदमाश फरार हो गए। गंभीर हालत में परिजन घायल बाप बेटे को तुरंत पीजीआई ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान अधेड़ की मौत हो गई। जबकि उसका बेटा उपचाराधीन है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई।
जानकारी देते हुए धर्मेंद्र ने बताया कि वह शहर के गढ़ी मोहल्ला का रहने वाला है। उसका भाई विजेंद्र (50) एमडीयू में सफाई कर्मचारी था। बीती रात को विजेंद्र अपने घर पर सो रहा था। रात करीब डेढ बजे घर में छोटू नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ घर में घुस गया।
यहां उन्होंने विजेंद्र और उसके बेटे अक्षय को खूब पीटा। वारदात के दौरान बदमाश बार-बार कह रहे थे कि वह उसकी पुलिस को मुखबरी करता है। दोनों को अधमरा करने के बाद बदमाश घर से फरार हो गए। दोनों को तुरंत पीजीआई ले जाया गया। जहां विजेंद्र की मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
