Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

फरीदाबाद में 15 अगस्त पर बदली मेट्रो टाइमिंग: सुबह 4 बजे से दौड़ेगी, दिल्ली जाने वाले यात्रियों को राहत

फरीदाबाद दिल्ली एनसीआर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर मेट्रो के समय में बदलाव किया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के मुताबिक 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से ही नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो का परिचालन शुरू किया जाएगा। इसके बाद दोपहर से मेट्रो ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार सामान्य रूप से चलेंगी।

डीएमआरसी के अनुसार, सामान्य मेट्रो सेवा शुरू होने तक सभी मेट्रो लाइनों पर ट्रेनें 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी। इसके बाद निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सामान्य मेट्रो सेवाएं संचालित होंगी। इससे स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहुंचने वाले लोगों को सुबह के समय सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

विशेष मेहमानों और अधिकृत आमंत्रितों की सुगम आवाजाही के लिए डीएमआरसी ने रक्षा मंत्रालय को 1 लाख 30 हजार विशेष प्री-वेंडेड क्यूआर टिकट उपलब्ध कराए हैं। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी वैध भौतिक प्रवेश-पत्र लेकर आने वाले आमंत्रितों को भी निर्धारित मेट्रो स्टेशनों पर विशेष क्यूआर टिकट दिए जाएंगे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन स्थल के लिए लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन सबसे नजदीक रहेंगे। इन विशेष क्यूआर टिकटों के जरिए की गई यात्रा का खर्च रक्षा मंत्रालय की ओर से डीएमआरसी को वापस किया जाएगा।

डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनूज दयाल ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर लोगों की सुविधा के लिए मेट्रो सेवा सुबह 4 बजे से शुरू की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली में बड़ी संख्या में लोग लाल किले और आसपास के इलाकों में पहुंचेंगे। ऐसे में सुबह 4 बजे से मेट्रो सेवा शुरू होने से यात्रियों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने में सुविधा होगी।

Exit mobile version