Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में दो साल पहले बदला था मीटर:पड़ोसी का बिल भी भरना पड़ा, 13 बैठक में उठा मुद्दा, कोई नहीं सुनता

रोहतक में उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम कुरुक्षेत्र की ओर से शुक्रवार को राजीव गांधी विद्युत भवन में बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें बिजली उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनी गईं। जिसमें कई उपभोक्ताओं को अपनी समस्या का समाधान नहीं होने के कारण वापस लौटना पड़ा। बैठक में कुल 15 शिकायतें आईं। फोरम अध्यक्ष आरके खन्ना ने शिकायतें सुनीं। इस दौरान 9 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

शेष शिकायतों का भी निराकरण करने के निर्देश विद्युत निगम के अधिकारियों को दिए।इनमें ऐसी शिकायतें भी आईं, जिनमें समाधान नहीं होने पर शिकायतकर्ता कई बार फोरम के समक्ष रखकर निराश होकर लौट जाते हैं। इसमें सबसे अधिक पेंडिंग शिकायत शिवाजी कॉलोनी के सुंदर की रही। सुंदर ने बताया कि करीब दो साल पहले उनका मीटर बदला गया था। जिसके बाद उसका मीटर नंबर और पड़ोसी का मीटर नंबर बदलकर एक कर दिया गया। जिससे पड़ोसी का बिल भी सुंदर के नाम से आने लगा। पिछली 12 बैठक में यह मसला रख चुके हैं, लेकिन हर बार आश्वासन दिया गया।

उन्होंने चेतावनी दी की अगर इस बार इस मामले का समाधान नहीं हुआ तो वह उपभोक्ता फोरम में जाएंगे। इसके अलावा बड़ा बाजार निवासी रिशु की तरफ से शिकायत में कहा गया कि वह नया कनेक्शन लेना चाहते हैं। इसके लिए पिछले काफी समय से दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं।

हर बार कुछ न कुछ कागजी कमियां बताकर मामले को टाल दिया जाता है। माता दरवाजा निवासी विनेश कुमार ने बताया कि उनका बिल 3 हजार रुपए अधिक आता है। पिछले 5 माह से यही समस्या बनी हुई है। पहले भी बैठक में आने के बाद ठीक कराया था, लेकिन फिर से वही समस्या बनी हुई है।

Exit mobile version