हरियाणा के रोहतक जिले में एक सिपाही की ट्रांसफर के लिए पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के फर्जी हस्ताक्षर कर BJP की बोगस आईडी से DGP हरियाणा को मेल किया गया है। हालांकि पुलिस महानिदेशक की ऑफिशियल आईडी पर आए इस मेल की पड़ताल के बाद सब कुछ फर्जी पाया गया। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।
मेल में नूंह ट्रांसफर के लिए कहा था
ADGP लॉ एंड ऑर्डर नवदीप विर्क ने बताया कि पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के फर्जी साइन वाला ईमेल हरियाणा पुलिस की ऑफिशियल मेल आईडी पर भेजा गया। इसमें रोहतक के कलानौर थाने में तैनात कॉन्स्टेबल प्रीतम को नूंह जिले के फिरोजपुर जकीरा थाने में ट्रांसफर करने के लिए कहा गया था। ये मेल एक बोगस मेल आईडी (bjpnamosangh@gmail.com) से DGP Haryana (police@hry.nic.in) पर भेजा गया।
पर्सनल स्टाफ से कन्फर्म किया तो हुआ खुलासा
ट्रांसफर के आदेश वाले ईमेल को लेकर पुलिस अधिकारियों ने पूर्व मंत्री के पर्सनल स्टाफ से कन्फर्म किया। उसके बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। मनीष ग्रोवर के स्टाफ ने जानकारी दी कि इस मेल में अटैच पत्र पर उन्होंने साइन नहीं किए हैं और ये पूरी तरह से फर्जी है।
एक आरोपी नामजद, जांच में अटके थानाध्यक्ष
आर्य नगर थाना में दर्ज केस में सिपाही प्रीतम सिंह को शिकायतकर्ता बनाया है। सिपाही ने विनोद नाम के शख्स पर ईमेल में पत्र अटैज कर भेजने का आरोप लगाया है। DGP ऑफिस से शिकायतकर्ता ADGP लॉ एंड ऑर्डर नवदीप विर्क बनाए गए हैं और अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दी गई है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत में मैं अटक गया हूं। अभी इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नामों की अटकन दूर होगी।
भिवानी के विनोद को पुलिस ने लिया हिरासत में
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस विनोद पर सिपाही आरोप लगा रहा है वो भिवानी के खरखुर्द गांव का रहने वाला है। पुलिस ने फिलहाल उसे हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के बाद कभी भी उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। सूत्रों की मानें तो आरोपी इसी तरह के काम में लिप्त है। वह IT एक्सपर्ट है। इसलिए इस तरह के और भी मामलों के खुलासे होने की उम्मीद है।
