हरियाणा में मार्च में भी मौसम में लगातार बदलाव हो रहे हैं। बारिश की आशंकाओं के बीच सूबे में 24 घंटे के दौरान दिन के तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है। फरीदाबाद के बोपानी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया है। रात में भी कुछ ऐसे ही हालात बने हुए हैं। गुरुग्राम को छोड़कर अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रिकॉर्ड किया गया है।

कुछ ऐसे जिले भी रहे, जहां लोगों को गर्मी का एहसास होने पर पंखे तक चलाने पड़े। मौसम विशेषज्ञ भी इस बदलाव को लेकर चकित हैं। उनका कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण रात और दिन बादल छाए हुए हैं, हवा भी कुछ खास नहीं चल रही है। यही कारण है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान लगातार बढ़ने के कारण ही बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 13 तक मौसम खुश्क रहने के आसार हैं, इसके बाद फिर से मौसम यू-टर्न लेगा और सूबे के कई जिलों में बारिश के आसार बनेंगे। हालांकि, मौसम विभाग ने 13 और 14 मार्च को 12 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद में बारिश के आसार हैं।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा में मार्च में 3 बार मौसम बिगड़ेगा। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होना बताया जा रहा है। 5 मार्च की रात पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से 6 मार्च को प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई। इसके बाद 10 मार्च की रात दूसरा पश्चिमी विक्षोभ आया है, जिससे 11 मार्च से बूंदाबांदी के आसार दिख रहे हैं। अब तीसरी बार 15 मार्च को विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से बारिश हो सकती है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!