Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 24 घंटे में 6 डिग्री पारा गिरा:16 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट; 3 जिले देश की सबसे ठंडी जगहों में शामिल

पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी से अब मैदानी इलाकों में हालात खराब होने लगे हैं। दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। मौसम विभाग के कोल्ड वेव के अलर्ट के तीसरे दिन पारे में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। 24 घंटे में पारे में 6 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली। सीजन की यह सबसे अधिक गिरावट है। इससे पहले प्रदेश का औसत तापमान 7.5 डिग्री के आसपास था।

मौसम विभाग ने इन हालात को देखते हुए 15 दिसंबर तक कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह के साथ सिरसा, फतेहाबाद, झज्जर, रोहतक में अलर्ट जारी किया गया है।

ठंड का हाल यह है कि देश के सबसे ठंडे जिलों में इस समय हरियाणा के 3 जिले शामिल हैं। राजस्थान का सीकर 1.5 डिग्री के साथ देश में सबसे ठंडा रहा। वहीं, हरियाणा का हिसार तीसरे, भिवानी चौथे और करनाल 8वें स्थान पर रहा। इन जिलों में भी तापमान 1.5 डिग्री के आसपास ही है।

वहीं, ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (AWS) पर हिसार का बालसमंद और सोनीपत के सरगथल में भी 1.5 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया। ये सामान्य के मुकाबले 7.5 डिग्री की गिरावट है। दिन में रोहतक सबसे ठंडा रहा, यहां का तापमान 19.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मौसम में ये बदलाव पहाड़ों में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टर्ब से संभव हुआ है। इसके आंशिक प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव होने से बादल छाने के आसार लगातार बने हुए हैं।

इससे रात और दिन के तापमान में कमी आने के आसार बन रहे हैं। मौसम खुलने और पहाड़ों की हवाओं से आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

Exit mobile version